
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में बवाल, डीजे पर डांस के दौरान आपस में भिड़े जूनियर रेजिडेंट, 2 घायल
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सालाना सांस्कृतिक उत्सव ब्लेज के दौरान आयोजित डीजे म्यूजिकल नाइट में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। मारपीट में दो छात्र घायल हो गए। इनमें से दो जूनियर रेजिडेंट को ज्यादा चोटें आई हैं।
यूपी के गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सालाना सांस्कृतिक उत्सव ब्लेज-2025 के दौरान आयोजित डीजे म्यूजिकल नाइट में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। मारपीट में दो छात्र घायल हो गए। इनमें से दो जूनियर रेजिडेंट को ज्यादा चोटें आई हैं। घटना रविवार की देर रात की है। बताया जा रहा है कि डीजे म्यूजिकल नाइट में मारपीट के बाद छात्रों के समूहों ने देर रात तक अलग-अलग जगहों पर एक-दूसरे पर हमला किया। मारपीट में मेडिसिन, जनरल सर्जरी और पीडियाट्रिक के एक दर्जन से अधिक पीजी छात्रों के नाम प्रकाश में आए हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच के लिए वरिष्ठ शिक्षकों की तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
ये वाकया रविवार रात करीब 1 बजे शुरू हुआ। ब्लेज-2025 के अंतर्गत डीजे म्यूजिकल नाइट चल रहा था। यूजी और पीजी छात्रों के साथ जूनियर और सीनियर रेजिडेंट डांस कर रहे थे। इसी दौरान छात्रों को एक-दूसरे से धक्का लग गया और छोटी सी बात ने तूल पकड़ लिया। हाथापाई शुरू हो गई। डीजे पर गाना बदलने की मांग पर एक बार फिर डॉक्टरों के बीच विवाद हुआ। शुरुआती मारपीट मेडिसिन और पीडियाट्रिक के जूनियर रेजिडेंटों के बीच में हुई। इसमें पीडियाट्रिक का एक जूनियर रेजिडेंट घायल हो गया। उसकी नाक और मुंह से खून निकलने लगा। मौके पर मौजूद कुछ सीनियर छात्रों ने बीच बचाव किया। हालांकि, इससे मामला पूरी तरह शांत नहीं हुआ। पुलिस पहुंचने पर छात्र वहां से भाग गए।
बताया जाता है कि घायल छात्र का भाई जनरल सर्जरी में सीनियर रेजिडेंट है। किसी ने उसे सूचना दी। वह अपने साथियों के साथ पीडियाट्रिक विभाग पहुंचा। वहां से दोनों विभागों के रेजिडेंट दूसरे पक्ष की ताक में हॉस्टल के बाहर जमे रहे। इस दौरान मेडिसिन का एक जूनियर रेजिडेंट उनके हत्थे चढ़ गया, जिसे उन्होंने जमकर पीट दिया। उसकी भी नाक और मुंह से खून आ गया। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करना पड़ा। इसमें सर्जरी के भी कुछ रेजिडेंटों के नाम सामने आए हैं। कैंपस में तनाव का माहौल है।
मारपीट के बाद दोनों गुटों की तरफ से मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी और गुलरिहा थाने पर संपर्क किया गया। पुलिस के यह कहने पर कि अगर मुकदमा दर्ज करना हो तो तहरीर दें, लेकिन छात्र सोचने-विचारने की बात कहकर लौट गए। उधर, कुछ वरिष्ठ रेजिडेंट इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता करने के प्रयास में जुटे हैं।
प्राचार्य डॉ. रामकुमार जायसवाल ने बताया कि ब्लेज के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। प्रकरण संज्ञान में है। यह गंभीर मामला है। छात्रों के बीच ऐसा नहीं होना चाहिए था। जांच के लिए शिक्षकों की तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया जा रहा है, जो सभी पक्षों के बयान लेगी। जांच में अगर छात्र दोषी पाए जाएंगे तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Pawan Kumar Sharmaपवन कुमार शर्मा पिछले चार वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हैं। डिजिटल मीडिया में काम करते हुए वह उत्तर प्रदेश की राजनीति, क्राइम, सरकारी योजनाओं और टूरिज्म से जुड़े मुद्दों पर नियमित रूप से लिखते हैं। इससे पहले पवन एबीपी न्यूज के साथ बतौर फ्रीलांसर काम कर चुके हैं। पवन ने नई दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से रेडियो एवं टेलीविजन पत्रकारिता की पढ़ाई की है। इससे पहले क्राइस्ट चर्च कॉलेज, कानपुर से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। ग्राउंड रिपोर्टिंग और अकादमिक समझ के साथ पवन तथ्यात्मक, संतुलित और पाठक-केंद्रित समाचार लेखन करते हैं।
और पढ़ें



