जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था, पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल उल्लंघन पर भड़कीं मायावती

Mar 08, 2026 10:35 pm ISTAjay Singh विशेष संवाददाता, लखनऊ
share

मायावती ने कहा कि वर्तमान में देश की राष्ट्रपति एक महिला होने के साथ-साथ वह आदिवासी समाज से भी हैं लेकिन अभी पश्चिम बंगाल में उनके दौरे के लेकर जो कुछ भी हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। यह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के पद का भी जो राजनीतिकरण कर दिया गया है, यह भी उचित नहीं है।

जो हुआ वो नहीं होना चाहिए था, पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति के प्रोटोकॉल उल्लंघन पर भड़कीं मायावती

UP News: बसपा सुप्रीमो मायावती ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बंगाल में पद के अनुरूप प्रोटोकाल न मिलने के मामले में नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर रविवार को लिखा कि भारतीय संविधान के आदर्श व मान-मर्यादा के मुताबिक़ सभी को राष्ट्रपति पद का सम्मान करना चाहिए। उनके प्रोटोकाल का भी ध्यान रखना जरूरी है तथा इस पद का किसी भी रूप में राजनीतिकरण करना ठीक नहीं है।

मायावती ने कहा कि वर्तमान में देश की राष्ट्रपति एक महिला होने के साथ-साथ वह आदिवासी समाज से भी हैं लेकिन अभी हाल ही में पश्चिम बंगाल में उनके दौरे के लेकर जो कुछ भी हुआ, वह नहीं होना चाहिए था। यह अति-दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि इसी प्रकार पिछले कुछ समय से संसद में भी खासकर लोकसभा अध्यक्ष के पद का भी जो राजनीतिकरण कर दिया गया है, यह भी उचित नहीं है। सभी को संवैधानिक पदों का दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सम्मान करना चाहिए। कहा कि संसद का सोमवार से शुरू हो रहा सत्र देश व जनहित में पूरी तरह से सही से चले, यही लोगों की अपेक्षा व समय की भी मांग है।

पश्चिम बंगाल में हुआ क्या था?

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के उत्तर बंगाल दौरे पर शनिवार को सियासी विवाद खड़ा हो गया। राष्ट्रपति ने कार्यक्रम स्थल बदलने को लेकर सवाल उठाया था और उनके स्वागत के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी या उनके किसी मंत्री के न आने पर हैरानी भी जताई थी। राष्ट्रपति ने कहा, ममता बनर्जी मेरी छोटी बहन जैसी हैं। मैं भी बंगाल की बेटी हूं। लेकिन मुझे नहीं पता कि वहां जाने की मंजूरी क्यों नहीं दी गई। मुझे नहीं पता कि वह नाराज हैं या नहीं। मुर्मु ने कहा, आम तौर पर जब राष्ट्रपति आती हैं तो मुख्यमंत्री को उनका स्वागत करना चाहिए और अन्य मंत्रियों को भी मौजूद रहना चाहिए। लेकिन वह (ममता बनर्जी) नहीं आईं।

इस पर ममता बनर्जी ने पलटवार करते हुए राष्ट्रपति पर भाजपा के इशारे पर विधानसभा चुनाव से पहले राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे शर्मनाक बताया। मोदी ने कहा कि इससे राष्ट्रपति का अपमान हुआ है। इसके लिए राज्य सरकार जिम्मेदार है। यह घटना शर्मनाक-अभूतपूर्व है। जो लोकतंत्र, आदिवासी समुदायों के सशक्तीकरण में विश्वास रखते हैं वे इससे आहत हैं।

Ajay Singh

लेखक के बारे में

Ajay Singh

अजय कुमार सिंह पिछले आठ वर्षों से लाइव हिन्दुस्तान की यूपी टीम में पूर्वांचल के बड़े हिस्से से खबरों का कोआर्डिनेशन देख रहे हैं। वह हिन्दुस्तान ग्रुप से 2010 से जुड़े हैं। पत्रकारिता में 27 वर्षों का लंबा अनुभव रखने वाले अजय ने टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। हिन्दुस्तान से पहले वह ईटीवी, इंडिया न्यूज और दैनिक जागरण के लिए अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। अजय राजनीति, क्राइम, सेहत, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़ी खबरों को गहराई से कवर करते हैं। बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट अजय फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान में असिस्टेंट एडिटर हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति और क्राइम की खबरों पर विशेष फोकस रखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।