
जीजा ने साली का किया अपहरण, फिर लगा दी दो लाख कीमत, 'ब्रह्मचारी' गिरफ्तार
यूपी में आगरा के फतेहाबाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही साली का अपहरण किया फिर उसकी कीमत लगा दी। साली को दो लाख रुपये में बेच दिया। छह महीने बाद आरोपी जीजा ब्रह्मचारी पुलिस के हत्थे चढ़ा है।
यूपी में आगरा के फतेहाबाद में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही साली का अपहरण किया फिर उसकी कीमत लगा दी। साली को दो लाख रुपये में बेच दिया। आरोपी अवधेश उर्फ ब्रह्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नागपुर पुलिस उसे अपने साथ ले गई है, जहां इस मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है।
थाना कपिल नगर नागपुर के उपनिरीक्षक अविनाश संभाराव खटके ने बताया कि मई 2025 में आरोपी अवधेश पुत्र दिमान सिंह निवासी रैपुरा (थाना निबोहरा) ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी साली का अपहरण किया था। इसके बाद उसे राजस्थान में दो लाख रुपये में बेच दिया गया। इस घटना के बाद नागपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अवधेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। आखिरकार उसे फतेहाबाद क्षेत्र में दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सीएचसी फतेहाबाद ले जाकर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद नागपुर पुलिस उसे अपने साथ ले गई।
थाना निबोहरा के प्रभारी निरीक्षक जय नारायण सिंह ने बताया कि नागपुर पुलिस ने आरोपी को वांछित सूची में रखा था। साली के अपहरण और उसे बेचने जैसे गंभीर अपराध में उसकी भूमिका स्पष्ट होने के बाद गिरफ्तारी की गई। पुलिस अब इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह मामला न केवल पारिवारिक रिश्तों की मर्यादा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराध की ओर भी इशारा करता है। पुलिस की तत्परता से आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी है, लेकिन यह घटना समाज को झकझोर देने वाली है। अब न्याय प्रक्रिया के तहत आरोपी को सजा दिलाने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Yogesh Yadavयोगेश यादव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर के पद पर हैं।
और पढ़ें



