एक करोड़ 30 लाख का सोना लेकर जीजा-साले फरार, पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी
संक्षेप: यूपी के मेरठ में एक करोड़ 30 लाख का सोना लेकर जीजा-साले फरार हो गए हैं। दोनों की दुकान और मकान पर ताला लटका मिला। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
यूपी के मेरठ में सर्राफ कारोबारियों का करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये कीमत का सोना लेकर कारीगर जीजा-साले फरार हो गए। दोनों की दुकान और मकान पर ताला लटका मिला। इस मामले में देहली गेट पुलिस को पीड़ित कारोबारियों ने तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है। एसएसपी ने एक टीम को इसी काम पर लगाया है।
अमित रस्तोगी की देहली गेट सर्राफा बाजार में स्वराज ज्वैलर्स नाम से ज्वैलरी का शोरूम है। अमित रस्तोगी की ओर से देहली गेट थाने में एक तहरीर सोमवार दोपहर को दी गई। बताया गया कि उन्होंने 442 ग्राम सोना जेवरात बनाने के लिए 19 अगस्त को धीरज राज लोधी और उसके साले आकाश लोधी को दिया था। इनकी दुकान देहली गेट के लाला का बाजार में अपर्णा मार्केट में है और आवास ब्रह्मपुरी में गौरीपुरा शक्ति प्रिंटिंग प्रेस के पीछे है। बताया कि 24 अगस्त को जेवरात कपिल को देने थे, लेकिन मोबाइल नंबर बंद जाता रहा। दुकान पर जाकर देखा तो दुकान भी बंद मिली। इसके बाद वह परिचित के साथ कपिल के घर पर पहुंचे तो घर भी ताला लगा मिला। पता चला कि दो दिन से मकान और दुकान बंद हैं और आरोपी कपिल व उसका साला परिवार के साथ फरार हैं। छानबीन हुई तो अन्य सर्राफ भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने कपिल को सोना दिया हुआ था। ऐश्वर्य शर्मा का 82 ग्राम सोना, विवेक कुमार का 170 ग्राम, प्रिंस तोमर का 110 ग्राम, सचिन कुमार का 60 ग्राम सोना और ऋतु जैन 405 ग्राम सोना है।
पुलिस को बताया गया कि एक किलो 270 ग्राम कुल मिलाकर सोना है। इस सोने की कीमत करीब एक करोड़ 30 लाख रुपये है। आरोपियों की धरपकड़ की मांग की गई है। इस मामले में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा को भी सूचना दी गई। एसएसपी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम को लगाया है।





