साहब, कच्ची शराब कर रही घरों को बर्बाद
Jhansi News - झांसी के कटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम कगर में महिलाओं ने अवैध कच्ची शराब के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि उनके पति शराब पीकर हिंसा करते हैं और घरों की शांति भंग कर देते हैं। महिलाएं पुलिस और प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की मांग कर रही हैं, अन्यथा वे धरना देने की चेतावनी दे रही हैं।

झांसी, संवाददाता। साहब, अवैध कच्ची शराब ने बर्बाद कर दिया है। पति शराब पीकर आते हैं और पीटतें हैं। घरों के बर्तन तक बेच डाले हैं। अब कुछ नहीं बचा है। रो पर आने की कगार पर हैं। यह पीड़ा कटेरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कगर की है। जहां अवैध कच्ची शराब के विरोध में महिलाएं सड़क पर उतर आई हैं और प्रदर्शन को मजबूर हैं। सीएम पोर्टल व वरिष्ठ पुलिस को भेजी शिकायत में गांव की खुशबू देवी, सोमवती देवी,सुधा देवी,जानकी देवी,रामढकेली देवी, अंजलि देवी,गुड्डी देवी, सरोज देवी,बती देवी, द्रोपती देवी,कृष्णा देवी, रामादेवी,कमलेश कुमारी,वंदना देवी, आशा देवी,सुनीता देवी, पुष्पा देवी,रामकली देवी,दीक्षा देवी,कुसुम देवी,उमावती देवी,सोमवती देवी, हेमा देवी, रामलली देवी,विनीता देवी सहित अन्य ने बताया कि कुछ समय से गांव में खुलेआम अवैध कच्ची शराब बिक रही है।
इससे गांव का माहौल बिगड़ गया। पति कुछ कधरे हैं नहीं? जो करते हैं वह कच्ची शराब में उड़ा देते हैं। फिर टल्ली होकर हंगामा करते हैं। बच्चों तक की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देते। इसने घरों की शांति छीन ली है। घरेलू हिंसा, आर्थिक शोषण एवं सामाजिक असुरक्षा की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है। कई घरों में यहां तक नौबत आ गई है कि आवश्यक वस्तुएं तक बेचकर शराब पीने लगे हैं। विरोध करने पर प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाए हैं। महिलाओं ने माननीय मंडलायुक्त एवं पुलिस महानिरीक्षक से दखल कर तत्काल प्रभाव से अवैध कच्ची शराब की बिक्री पर पूर्णत: प्रतिबंध लगाए जाने की वकालत की है। दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनर दी कि यदि शीघ्र कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए तो महिलाएं कमिश्नरी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


