Jhansi News: टमाटर से भरी पिकअप पलटी, चालक-हेल्पर फंसे
Jhansi News: झांसी के मऊरानीपुर में एक भीषण हादसा हुआ, जब टमाटर से भरी पिकअप गाड़ी पशु को बचाते हुए पलट गई। चालक और हेल्पर को मामूली चोटें आईं, जिन्हें राहगीरों ने बाहर निकाला। हादसे के बाद टमाटर सड़क पर फैल गए और स्थानीय लोगों ने आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की मांग की।

Jhansi News: झांसी (मऊरानीपुर)। कोतवाली मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में भीषण हादसा हुआ। गुरुवार को झांसी-खजुराहो एनएच पर छतरपुर बाईपास पर पशु को बचाने में टमाटर से भरी पिकअप गाड़ी पलट गई। हादसे में चालक-हेल्पर उसमें फंस गए। राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। हालांकि उन्हें मामूली चोटें आई। टीकमगढ़ (मप्र) से एक पिकअप गाड़ी गुरुवार को टमाटर लादकर मऊरानीपुर की तरफ आ रही थी। जैसे ही चालक हाइवे पर छतरपुर बाईपास के पास पहुंचा। तभी कोई पशु आ गया। जिससे उसने स्टेयरिंग घुमा दी। इससे अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी खंभे से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद पिकअप में भरे टमाटर हाइवे पर फैल गई।
वहीं चालक और हेल्पर उसमें फंस गए। जिससे वहां चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास हड़कंप मच गया। आनन-फानन में राहगीर मदद को दौड़े। उन्होंने किसी तरह गाड़ी में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला। उन्हें ज्यादा चोटें नहीं आई। वहीं गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चश्मदीदों की मानें तो तेज आवाज हुई और चीख-पुकार मच गई। करीब आकर देखा तो दर्दनाक मंजर था। बताया, गनीमत रही कि किसी को बड़ी चोट नहीं आई। सभी सुरक्षित हैं। उन्होंने सड़क पर घूम रहे आवारा मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर भेजे जाने की मांग की है।


