आर्मी ट्रक-पिकअप टकराए, सैन्य अफसर की मौत
Jhansi News - झांसी में एक भीषण हादसा हुआ, जब एक सेना का ट्रक और पिकअप की भिड़ंत हो गई। हादसे में सेना के जेसीओ हरकेश यादव की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक और अन्य घायल हुए। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया।

झांसी (बबीना), संवाददाता। झांसी में भीषण हादसा हुआ। सोमवार तड़के ललितपुर एनएच पर खैलार के पास बबीना फील्ड फायरिंग रेंज से अभ्यास बाद अलवर (राजस्थान) टुकड़ी को लेकर जा रहे सेना के ट्रक और पिकअप की भिड़ंत हो गई। हादसे में सेना के जेसीओ (जूनियर कमीशंड ऑफीसर) की मौत हो गई। जबकि पिकअप चालक समेत कुछ लोगों को चोटें आई हैं।गाजीपुर निवासी हरकेश यादव सेना में जेसीओ के पद पर थे। उनकी तैनाती अलवर (राजस्थान) में थी। पिछले दिनों वह अपनी यूनिट के साथ झांसी के बबीना फील्ड फायरिंग रेंज में अभ्यास के लिए आए थे। सोमवार को वापस जाते समय जैसे ही सेना का ट्रक जवानों को लेकर खैलार के पास पहुंचा।
तभी विपरीत दिशा से आ रही पिकअप आर्मी के ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि पिकअप के परखचे उड़ गए। वहीं पाइप निकलकर सैन्य अफसर हरकेश यादव की गर्दन में घुस गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर बबीना थाना प्रभारी विनय कुमार साहू, भेल चौकी प्रभारी राहुल सिंह, बृजेश सिंह, शिवजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घायल को तुरंत कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उन्हें मेडिकल कॉलेज झांसी भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने हरकेश यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बबीना छावनी से सेना के अधिकारियों भी मुआयना किया। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पिकअप चालक रवींद्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हादसे की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


