आस्था पर वार, करौंदी माता मंदिर से दानपात्र चोरी
झांसी। झांसी में अब चोरों ने भगवान के दरबार को भी नहीं छोड़ा। रक्सा

झांसी। झांसी में अब चोरों ने भगवान के दरबार को भी नहीं छोड़ा। रक्सा थाना क्षेत्र के सिजवाहा गांव स्थित प्राचीन करौंदी माता मंदिर में देर रात चोरों ने धावा बोलते हुए मंदिर का ताला तोड़ा और लाखों रुपये से भरा दानपात्र उठाकर फरार हो गए। सुबह जब पुजारी मंदिर पहुंचे तो टूटा ताला और गायब दानपात्र देखकर उनके होश उड़ गए। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए चोरों की तलाश में जुटी है।रक्सा थाना क्षेत्र के ग्राम सिजवाहा में स्थित यह प्राचीन मंदिर वर्षों पुराना है और आसपास के ग्रामीणों की गहरी आस्था का केंद्र माना जाता है।
प्रतिदिन यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचते हैं और अपनी श्रद्धा अनुसार चढ़ावा चढ़ाते हैं। बताया जा रहा है कि देर रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में घुस आए। चोरों ने सबसे पहले मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और फिर अंदर रखे भारी दानपात्र को अपने साथ उठाकर ले गए। पूरी वारदात को बेहद शातिर तरीके से अंजाम दिया गया। मंगलवार तड़के जब मंदिर के पुजारी घनश्याम रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य गेट का टूटा ताला देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। अंदर जाने पर दानपात्र गायब मिला। जिसके बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए। लोगों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने केवल चोरी नहीं की, बल्कि लोगों की आस्था पर चोट पहुंचाई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों और डीवीआर को कब्जे में लेकर फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि फुटेज में चोरों की गतिविधियां कैद हो सकती हैं। मंदिर के पुजारी के मुताबिक चोरी हुए दानपात्र में लाखों रुपये का चढ़ावा मौजूद था। उन्होंने बताया कि नवदुर्गा उत्सव के बाद से दानपात्र को खोला नहीं गया था, जिसके चलते उसमें बड़ी मात्रा में नकदी जमा हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है। वहीं इस घटना के बाद ग्रामीणों ने मंदिर की सुरक्षा बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


