झांसी में सर्दी का सितम, न्यूनतम पारा 7.4 डिग्री
Jhansi News - झांसी में सोमवार को सर्दी का प्रकोप देखने को मिला। न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री तक गिर गया। घने कोहरे ने सुबह 4 बजे से ही दृश्यता को प्रभावित किया। दिनभर धूप का अभाव रहा और सर्द हवाओं ने लोगों को घरों...
झांसी, संवाददाता। हर तरफ ..हाय सर्दी, उर्फ सर्दी की सदाएं, ..कंपकंपाती काया, जाड़े में जकड़ा शहर और न्यूनतम पारा 7.4 डिग्री। सोमवार को मौसम का सूरत-ए-हाल कुछ ऐसा ही रहा। भोर से घने कोहरे ने रफ्तार थाम दी तो बादलों ने धूप को नहीं निकलने दिया। 7 घंटे बाद कुछ देर को सूरज के दर्शन हुए। इसके बाद शीतलहर, गलन ने झांसीवालों की काया कंपकंपा दी। गली-मोहल्ले, चौक-चौराहों, बाजारों में सुलगते अलाव सुलगते रहे। सोमवार मौसम ने चौतरफा वार किसा। घंटे-दर-घंटे सर्दी के तेवर और सख्त होते गए। सुबह 4 बजे से घना कोहरा छाया रहा। जिससे झांसी-कानपुर, ग्वालियर, शिवपुरी, ललितपुर, खजुराहो हाइवे पर वाहन किनारे कतारे से खड़े रहे। 11.30 बजे के बाद कोहरा छंटा तब कहीं शहर पटरी पर आ सके। वहीं कोहरे की वजह से बाहर से आने वाली सब्जियां मंडियों में देरी से पहुंची। हालात यह रहे कि शहर के बाजार भी सुस्ती भरे आलम में खुले। घरों से बाजार, दफ्तार सहित अन्य जगहों पर अलाव के बीच काम शुरू हुआ। दिन भर शहरी धूप को तरस गए। जिससे सबसे बुरा हाल अस्पताल में भर्ती मरीजों का हुआ। दोपहर 2.30 बजे एक घंटे को सूरज निकला। लेकिन, सर्द हवाएं तीर सी चुभ रही थीं। 4.30 बजते ही मौसम तेजी से बिगड़ने लगा। हल्की धुंध, बादल की दस्तक और पछुआ की हनक ने लोगों ने घरों में कैद होने पर विवश किया। इसके बाद मौसम इतना ठंडा हुआ कि कि लोगों को रजाई-कंबल और अंगीठी का सहारा लेना पड़ा। शाम 5.35 बजे सूर्यास्त होते ही बेढ़ब मौसम ने लोगों की काया कंपकंपा दी। भरारी फार्म स्थित कृषि मौसम इकाई के वैज्ञानिकों की मानें तो आने वाले दिनों में सर्दी से राहत की उम्मीद नहीं है। मध्यम कोहरे के आसार हैं। इसके बाद पहली जनवरी से सुबह कोहरा, धुंध और दिन में मख्यत: आकाश साफ रहेगा।
छतों पर ओस तो टंकियां का पानी था ठंडा
सोमवार भोर चार बजे से घने कोहरे की चादर तनी रही। ओस की बूंदें मानों जमाव पर पहुंच गई हों। घरों के ऊपर रखी पानी की टंकियों में पानी इतना ठंडा था कि लोग हाथ लगाने से कतरा रहे थे। मौसम की वजह से मॉर्निंग वॉक पर लोगों की संख्या बेहद कम दिखी। सुबह करीब 11.30 बजे के बाद कोहरा छंटा तब कहीं जाकर शहर रफ्तार भर सका। वहीं हाईवे पर कहीं-कहीं कोहरे की विजीविलिटी इतनी कम थी कि 200 मीटर तक देखना मुहाल था।
सर्दी का प्रहार, रजाई-कंबल बेकार
सोमवार को शीतलहर, तीखी सर्दी और जाड़े की जकड़न में शहर रहा। फिजा में इतनी गलन थी कि रजाई-कंबल भी जवाब दे गए। सर्दीली हवाओं ने तन से गर्म कपड़े नहीं हटने दिए। घर-घर लोग अंगीठी-बरोसी के करीब बैठे नजर आए। चोक-चौराहों पर अलाव सुगलते रहे। स्कूलों की छुट्टी होने की वजह से बच्चों को काफी राहत मिली।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।