Jhansi News: सूने मकान से सोने-चांदी और हीरे के लाखों के जेवरात ले उड़े चोर

हिन्दुस्तान, झांसी
Follow us on Google News
share

Jhansi News: झांसी के बबीना क्षेत्र की आरा मशीन शिव कॉलोनी में चोर एक सूने घर में घुसकर सोने-चांदी और हीरे के लाखों के जेवर समेत 10,000 रुपये नगद चुरा ले गए। मकान मालिक और उनका परिवार सऊदी अरब और अमेरिका में हैं। नौकरानी द्वारा घर पहुँचने पर चोरी का मामला खुला, पुलिस ने जांच शुरू की है।

Jhansi News: सूने मकान से सोने-चांदी और हीरे के लाखों के जेवरात ले उड़े चोर

Jhansi News: झांसी, बबीना। भेल चौकी क्षेत्र की आरा मशीन शिव कॉलोनी में चोर एक सूने घर में घुसे और सोने-चांदी, हीरे के लाखों के जेवर समेत नगदी समेटकर फरार हो गए। वारदात का खुलासा तब हुआ जब नौकरानी घर में काम करने पहुंची। बता दें कि मकान मालिक पत्नी समेत सऊदी अरब में काम करते हैं। आरा मशीन शिव कॉलोनी निवासी अशोक वर्मा ने बताया कि उनके साढ़ू भाई बीके रत्नम का मकान मोहल्ले में है। वर्तमान में वह अपनी पत्नी के साथ सऊदी अरब में रह रहे हैं। 22 जून को दोनों विदेश चले गए थे। उनका बेटा कमलेश नौकरी के सिलसिले में अमेरिका में है, जबकि बेटी आगरा में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है।

परिवार के सभी सदस्य बाहर होने के कारण मकान पूरी तरह सूना था। घर में काम करने वाली नौकरानी भी 29 जून से नहीं आई थी। नौकरानी जब घर पहुंची तो मकान के भीतर का सामान बिखरा मिला और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। सूचना मिलने पर अशोक वर्मा ने बबीना थाने में तहरीर दी। पीड़ित के अनुसार चोर दूसरी मंजिल से दो सोने की चेन, दो सोने की अंगूठियां, एक हीरे की अंगूठी, दो हीरे की नथ, डायमंड की कान की बालियां, झुमकियां, एक जोड़ी पायल, कमर पेटी, पांच जोड़ी बिछिया तथा 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। जाते समय बदमाश घर में लगा सीसीटीवी कैमरा और उसका डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर की। थाना प्रभारी विनय कुमार साहू ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले भी भेल और बबीना क्षेत्र में चोरी की कई वारदातें हो चुकी हैं। इनमें से कई मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरियों से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा लंबित चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।