गांव की बेटी बनी असिस्टेंट कमिश्नर, शिक्षा से बदली तकदीर

Apr 07, 2026 09:42 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, झांसी
share

Jhansi News - झांसी के छोटे से गांव गौपुरा की प्रिंसी यादव ने बिना संसाधनों के कठिन मेहनत कर यूपीपीसीएस परीक्षा में 88वीं रैंक हासिल की। उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन टीकाराम पीजी महाविद्यालय से की। उनकी सफलता पर गांव और महाविद्यालय में खुशी का माहौल है, और सभी ने उनकी मेहनत की सराहना की।

गांव की बेटी बनी असिस्टेंट कमिश्नर, शिक्षा से बदली तकदीर

झांसी संवाददाता झांसी के मोठ तहसील क्षेत्र के एक छोटे से गांव गौपुरा की बेटी प्रिंसी यादव ने यह साबित कर दिया है कि अगर हौसले मजबूत हों तो संसाधनों की कमी भी रास्ता नहीं रोक सकती। बिना किसी विशेष सुविधाओं के लगातार मेहनत और लगन के दम पर प्रिंसी ने यूपीपीसीएस परीक्षा में 88वीं रैंक हासिल कर कॉमर्शियल असिस्टेंट कमिश्नर का पद प्राप्त किया है। उनकी इस सफलता से गांव से लेकर परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।मोठ तहसील मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर बसे गौपुरा गांव की रहने वाली प्रिंसी यादव ने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई करते हुए यह मुकाम हासिल किया है।

उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई टीकाराम पीजी महाविद्यालय, मोठ से पूरी की। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां फूल मालाओं से उनका सम्मान किया गया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बुंदेली परंपरा के अनुसार हल्दी, चावल और रोली का तिलक लगाकर प्रिंसी और उनके परिवार का सम्मान किया गया। इस दौरान उन्हें मां सरस्वती की प्रतिमा भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।कार्यक्रम में मौजूद वीरेंद्र सिंह वीरू यादव ने लोगों से कहा कि बेटियों की शादी से पहले उनकी शिक्षा पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रिंसी की सफलता इस बात का उदाहरण है कि अगर बेटियों को पढ़ाया जाए तो वे परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज का नाम रोशन कर सकती हैं। वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र खरे ने कहां कि यह संस्थान के लिए गौरव की बात है कि यहां की छात्रा ने इतनी बड़ी सफलता हासिल की है प्रिंसी यादव ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एक समय वह इसी कॉलेज में पढ़ती थीं और आज उसी मंच पर अतिथि के रूप में आकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने सभी बेटियों से अपील की कि वे अपनी शिक्षा पर पूरा ध्यान दें और अपने लक्ष्य को हासिल करें।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।