Jhansi News: ट्रांसफार्मर फुंका, डेढ़ हजार की आबादी अंधेरे में
Jhansi News: झांसी के ग्राम पंचायत भंडरा में 100 केवीए ट्रांसफार्मर खराब होने से लगभग 1500 लोगों पर बिजली संकट का असर पड़ा है। घरों में अंधेरा, पेयजल व्यवस्था में बाधा और छोटे व्यवसाय बंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने तत्काल समाधान की मांग की है और समस्या का स्थायी हल खोजने की अपील की है।

Jhansi News: झांसी (मऊरानीपुर)। ग्राम पंचायत भंडरा में विद्युत व्यवस्था एक बार फिर चरमरा गई है। धायपुरा रोड स्थित नई बस्ती को आपूर्ति देने वाला 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर खराब होने से करीब डेढ़ हजार की आबादी पर बिजली संकट आ गया है। बिजली गुल रहने से घरों में अंधेरा पसरा है, पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई है और छोटे कारोबार भी ठप पड़ गए है। आटा चक्की बंद होने से ग्रामीणों को आटा पिसवाने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसाती सीजन के चलते उमस भरी गर्मी में बिजली न मिलने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे है। इधर, भण्डरा गांव की मस्जिद के पास हाल ही में लगाया गया सौ केवीए का दूसरा ट्रांसफार्मर भी ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। आरोप है कि इस ट्रांसफार्मर से आवश्यकता से अधिक वोल्टेज की आपूर्ति हो रही है, जिससे घरों में लगे पंखे, कूलर, टीवी, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरण खराब होने का खतरा बना हुआ है। कई उपभोक्ताओं ने उपकरण खराब होने की शिकायत भी की है। विद्युत कनेक्शनधारी पुष्पेन्द्र पटेल, पूर्व प्रधान पन्नालाल पटेल, हरगोविंद, भगवानदास, सुरेश कुमार, लक्ष्मी प्रसाद परिहार, सोनू पटेल, गोवर्धन प्रजापति, सुभाष मौर्य, श्रीपत पाल, सुरेन्द्र अहिरवार, अच्छेलाल सहित अन्य ग्रामीणों ने विद्युत अधिशासी अभियंता से दोनों समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि खराब ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने के साथ गांव की पूरी केबिल व्यवस्था बदलकर समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध और सुरक्षित विद्युत आपूर्ति मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


