Jhansi News: मनाही के बाद भी सपरार डैम पहुंचे लोग
Jhansi News: झांसी में बारिश के बाद नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों को डैम के पास जाने से मना किया है, लेकिन फिर भी मछुआरे खतरे में पड़कर मछलियां पकड़ रहे हैं। एक वायरल वीडियो में मछुआरे उफनाते पानी के बीच नजर आ रहे हैं, जबकि प्रशासन जागरूकता जारी कर रहा है।
Jhansi News: झांसी। बारिश के बाद झांसी से निकली नदियां उफनाई हैं। इन पर बने डैमों से लगातार पानी की निकासी की जा रही है। पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। लगातार एडवायजरी जारी की जा रही है। पानी के करीब जाने पर मनाही की गई है। फिर भी रविवार को विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है। हालांकि आपका अपना हिन्दुस्तान ऐसे किसी वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। रविवार को वॉयरल वीडियो पर गौर करें तो डैम से लगातार पानी निकल रहा है। पत्थरों के ऊपर कुछ मछुआरे चले गए और पानी के बीचों-बीच जाकर मछलियां पकड़ते नजर आए। यही नहीं कुछ लोग पानी के बीच में निकल आए।
हालात को देखते हुए मऊरानीपुर तहसील प्रशासन ने लोगों और मछुआरों से डैम व सुखनई नदी के आसपास नहीं जाने की अपील की थी। लेकिन इसके बावजूद डैम के निचले हिस्से में स्थानीय लोग और मछुआरे जान जोखिम में डालकर मछली पकड़ते नजर आए। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सवाल यह भी है कि जब डैम के फाटक खुले हैं और तेज बहाव का खतरा बना हुआ है, तो स्थानीय अधिकारियों द्वारा ऐसे लोगों को रोकने और हिदायत देने के लिए निगरानी क्यों नहीं की जा रही?

