रेलवे ने चलाया संडे ऑन साइकिल अभियान
झांसी में रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार संडे ऑन साइकिल अभियान का आयोजन किया गया। डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों ने साइकिल चलाई। यह अभियान स्वस्थ जीवनशैली, मोटापे के प्रति जागरूकता और प्रदूषण कम करने के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देने का संदेश देता है।

झांसी। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार तथा भारत सरकार के फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत झांसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में संडे ऑन साइकिल अभियान का आयोजन किया गया। डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, मोटापे के प्रति जागरूकता फैलाना तथा साइकिल के उपयोग के माध्यम से प्रदूषण को कम करने का संदेश देना था। अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, खिलाड़ियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए साइकिल चलाई और नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता तथा फिट रहने के महत्व को रेखांकित किया। प्रतिभागियों ने फाइट अगेंस्ट ओबेसिटी एवं पॉल्यूशन का सॉल्यूशन–साइकिल’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बताया गया कि साइकिल न केवल स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का एक सरल एवं प्रभावी माध्यम है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बढ़ते प्रदूषण और जीवनशैली से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के बीच साइकिल का नियमित उपयोग एक स्वस्थ और स्वच्छ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के माध्यम से रेलवे परिवार ने समाज को यह संदेश दिया कि नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाकर तथा पर्यावरण-अनुकूल साधनों का उपयोग करके एक स्वस्थ भारत और स्वच्छ भारत के निर्माण में सभी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम का समापन फिटनेस, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।


