Jhansi News: तीन लाख खर्च दिखा कागजों पर लगाएं पौधे
Jhansi News: झांसी में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में अनियमितता का मामला सामने आया है। देवरीसिंहपुरा में वृक्षारोपण दिखाकर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग किया गया। निरीक्षण में गड्ढे और पौधे नहीं मिले, जिसके चलते ग्राम विकास अधिकारी बृजेंद्र द्विवेदी को निलंबित कर दिया गया है और जांच शुरू की गई है।

Jhansi News: झांसी। झांसी में ग्राम पंचायत के विकास कार्यों में गड़बड़ी का मामला सामने आया है। मुख्य विकास अधिकारी के निरीक्षण में देवरीसिंहपुरा ग्राम पंचायत में कई स्थानों पर कागजों में वृक्षारोपण का काम दिखाया गया, लेकिन मौके पर न तो गड्ढे मिले और न ही पौधे। इन कार्यों पर 3 लाख 6 हजार 144 रुपये खर्च दिखाया गया था। मामले में ग्राम विकास अधिकारी बृजेंद्र द्विवेदी को निलंबित कर दिया गया है और जांच के लिए गुरसराय के खंड विकास अधिकारी को जांच अधिकारी बनाया गया है। झांसी के विकासखंड बंगरा की ग्राम पंचायत देवरीसिंहपुरा में विकास कार्यों के नाम पर खर्च की गई सरकारी धनराशि को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
29 सितंबर को मुख्य विकास अधिकारी के निरीक्षण के दौरान बेदिया बाबा के पास गाटा संख्या 816 में प्लांटेशन वर्क का निरीक्षण किया गया। इसमें मौके पर न तो पौधरोपण के लिए गड्ढों की खुदाई मिली और न ही वृक्षारोपण हुआ था। खास बात यह भी सामने आई कि स्थल पर पहले से ही बड़े पेड़ मौजूद थे। इसके अलावा पशुचर नदी किनारे गाटा संख्या 835, ब्रह्म बाबा के पास और ग्राम पंचायत की जमीन पर भी वृक्षारोपण का काम मौके पर नहीं पाया गया। यही नहीं इन कार्यों के लिए फर्जी मस्टररोल और फर्जी हाजिरी के जरिए सरकारी धनराशि के दुरुपयोग की बात सामने आई है। इन सभी कार्यों में कुल 3 लाख 6 हजार 144 रुपये की धनराशि खर्च दर्शाई गई है।निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत का आरआरसी सेंटर भी क्रियाशील नहीं पाया गया। मामले को गंभीर मानते हुए जिला विकास अधिकारी राजेश कुमार ने ग्राम विकास अधिकारी बृजेंद्र द्विवेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें गुरसराय विकासखंड से संबद्ध किया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के लिए खंड विकास अधिकारी गुरसराय को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच अधिकारी को निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर 15 दिनों में जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

