13.29 करोड़ से कुडार नदी पर बनेगा पुल
Jhansi News - झांसी के ग्राम पंचायत धायपुरा के पास कुडार नदी पर पुल निर्माण के लिए 13.29 करोड़ की स्वीकृति मिल गई है। ग्रामीणों की लंबे समय से इस पुल की मांग थी, जिससे आवागमन सुगम होगा और क्षेत्रीय विकास में तेजी आएगी। समाजसेवी श्रीकांत गुप्ता ने इस मांग को उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

झांसी। सबकुछ ठीक रहा तो ग्राम पंचायत धायपुरा के करीब से निकली कुडार नदी पर पुल बनेगा। नदी पर दीर्घ सेतु निर्माण के लिए करीब 13.29 करोड़ की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इसके बाद एक बड़ी में खुशी की लहर दौड़ गई। लंबे समय से इस पुल की मांग कर रहे ग्रामीणों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जगी है। राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े ग्राम अटारन से लेकर धायपुरा होते हुए बरूआमाफ तक लोक निर्माण विभाग द्वारा डामरीकृत सड़क की पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है। अब इसी मार्ग के मध्य में पड़ने वाली कुंडार नदी पर पुल निर्माण की मंजूरी मिलने से इस सड़क की उपयोगिता और अधिक बढ़ जाएगी।
बरसात के दिनों में नदी पार करने में होने वाली परेशानी से भी लोगों को निजात मिलेगी। समाजसेवी श्रीकांत गुप्ता उर्फ अंगद ने भी पहल की थी। उन्होंने लगातार शासन प्रशासन के समक्ष इस मांग को प्रमुखता से उठाया। स्वीकृति मिलने पर उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री कुंअर बृजेश सिंह, प्रमुख सचिव अजय चौहान, प्रमुख अभियंता अशोक कुमार द्विवेदी, झांसी ललितपुर सांसद पंडित अनुराग शर्मा, मऊरानीपुर विधायक डॉ. रश्मि आर्य सहित पीडब्ल्यूडी एवं सेतु निगम झांसी के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण से आवागमन सुगम होगा, क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी। अब सभी की निगाहें निर्माण कार्य के जल्द शुरू होने पर टिकी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


