साहब, खेतों में जबरन बालू कर रहे डंपर
झांसी के मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र में अवैध बालू खनन हो रहा है। किसानों ने शिकायत की है कि माफिया उनके खेतों को नुकसान पहुँचा रहे हैं और विरोध करने पर धमकियाँ दी जा रही हैं। किसानों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है, जबकि एसडीएम ने जांच का आश्वासन दिया है।

झांसी (मऊरानीपुर। तहसील मऊरानीपुर क्षेत्र में धड़ल्ले से बालू का अवैध खनन हो रहा है। गांव खकौरा और बिरगुवां के किसानों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन माफिया व उनके गुर्गे खेतों को रौंदकर जबरन रास्ता बना रहे हैं। यही नहीं बालू वहां डंप कर रहे हैं। विरोध करने पर धमकियां दी जा रही हें। उन्होंने उपजिलाधिकारी श्वेता साहू को सौंपे शिकायती पत्र में बताया कि खकौरा के पास से निकली धसान नदी के किनारे उनकी कृषि भूमि है। आरोप है कि बालू ठेकेदार व उनके कर्मचारी द्वारा जबरन किसानों के खेतों से ट्रैक्टर एवं डंपर निकाले जा रहे हैं। भारी वाहनों के आवागमन से खेतों की मेड़ें टूट रही हैं और फसलें बर्बाद हो रही हैं।
मेहनत से तैयार की गई खेती चौपट होने लगी है, जिससे उनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार सुबह लगभग 11 बजे जब किसानों ने खेतों से डंपर और ट्रैक्टर निकालने का विरोध किया तो ठेकेदार पक्ष के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इस दौरान एक व्यक्ति ने पिस्टल लहराते हुए धमकी दी कि यदि वाहनों को निकलने से रोका गया तो अंजाम बुरा होगा। इतना ही नहीं, विरोध करने वालों को डंपर से कुचल देने तक की धमकी दी गई। घटना के बाद ग्रामीणें में दहशत का माहौल है। बताया, दबंग लाठी-डंडे साथ में लेकर चलते हैं। किसान बालकिशन, उत्तम, हरदास, मुन्नीलाल, गोकुल, रज्जू, कन्हैयालाल, बैजनाथ, हरनारायण खकौरा एवं शेर सिंह चौहान बिरगुआं सहित अन्य ने बताया कि प्रशासन से खेतों से जबरन ट्रैक्टर डंपर निकालने पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। एसडीएम ने उन्हें जांच का आश्वासन दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


