Jhansi News: सुखनई नदी के रपटे पर फंसा बाइक सवार, लोगों ने बचाई जान
Jhansi News: झांसी में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। सुखनई नदी का जलस्तर बढ़ने पर पुलिस ने आवागमन रोका है। एक बाइक सवार ने जोखिम उठाकर पार करने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन नदी किनारे रहने वालों को सावधान रहने की सलाह दे रहा है।

Jhansi News: झांसी। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। वहीं नदी-नालों का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। मऊरानीपुर नगर के बीच से निकली सुखनई नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुरानी मऊ से गौरव गेस्ट हाउस जाने वाले रपटे पर पानी आ गया है। एहतियातन पुलिस प्रशासन ने यहां से आवागमन रोक दिया है। इसके बावजूद एक बाइक सवार जान जोखिम में डालकर रपटा पार करने की कोशिश करने लगा और पानी की तेज धार में फंस गया। स्थानीय लोगों ने किसी तरह बाइक सवार को सकुशल बाहर निकाला। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है। वहीं कोतवाली प्रभारी मुकेश सोलंकी ने बताया कि लगातार बारिश के चलते सपरार बांध का जलस्तर बढ़ा हुआ है। कुछ देर बाद सपरार बांध के गेट खोले जाएंगे, जिसके बाद सुखनई नदी के जलस्तर में करीब तीन से चार फीट तक बढ़ोतरी हो सकती है। पुलिस प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों के साथ-साथ सैलानियों और मछुआरों से नदी से दूर रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह का जोखिम न उठाने और जलभराव वाले रास्तों को पार न करने की भी अपील की है।


