वायरल वीडियो : भाजपा नेता के बेटे ने साथियों संग शराब सेल्समैन को दुकान में घुसकर पीटा
झांसी के मऊरानीपुर में भाजपा नेता के बेटे नकुल गिरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शराब की दुकान के सेल्समैन पर हमला किया। घटना के दौरान अन्य कर्मचारियों से भी झगड़ा हुआ। CCTV में कैद यह घटना रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुई। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

झांसी, संवाददाता। मऊरानीपुर में भाजपा नेता के बेटे ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंग्रेजी शराब की दुकान के अंदर घुसकर सेल्समैन को जमकर पीटा। बीच-बचाव करने आए अन्य कर्मचारियों से भी नोकझोंक हुई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। रविवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि आपका अपना अखबार हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। सेल्समैन की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।मोहल्ला साबुनग्राम निवासी मोहित राय ने बताया कि वह आंबेडकर तिराहे पर स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं। 29 मई की आधी रात झांसी से आशीष गुप्ता शराब की गाड़ी लेकर आया था।
मऊरानीपुर स्थित दुकान पर गांधीगंज निवासी शेखर, शिवाजी नगर निवासी आकाश वर्मा के साथ शराब की पेटियां उतरवाकर दुकान में रखवा रहे थे। इसी बीच साबुनग्राम निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गिरी के बेटे नकुल गिरी अपने साथी पीयूष रिछारिया और प्रिंस पटेल के साथ आए और मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। इसका विरोध करने पर तीनों आक्रोशित हो उठे और दुकान के अंदर घुसकर उन्हें पीटने लगे। बचाने आए आशीष गुप्ता के साथ भी धक्कामुक्की की। मोहित ने बताया कि तीनों ने उन्हें लात-घूसों से जमकर पीटा। इसके बाद धमकी देते हुए चले गए। इस संबंध में मऊरानीपुर थाने के प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच-पड़ताल हो रही है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


