अटल आवासीय विद्यालय में आवेदन की हो चुकी है शुरूआत
Jhansi News - अटल आवासीय विद्यालय में श्रमिकों के बच्चों के लिए निशुल्क शिक्षा का आवेदन शुरू हो गया है। कक्षा 6 और 9 के लिए आवेदन 31 जनवरी तक किए जा सकते हैं। 80 बालक और 80 बालिकाओं के लिए कक्षा 6 में तथा कक्षा 9 में 31 बालक और 33 बालिकाओं का प्रवेश होगा। प्रवेश परीक्षा 22 फरवरी को होगी।

अटल आवासीय विद्यालय में आवेदन का शुभारंभ हो गया। इसमें श्रमिकों के बच्चों को निशुल्क शिक्षा मिलेगी। जो पूरी तरह सीबीएसई पैटर्न की है। कक्षा 6 से 9 तक के बच्चों में बालक बालिका वर्ग के लिए अलग अलग सीटों का आरक्षण रखा है। झांसी मंडल के ललितपुर में स्थित आवासीय विद्यालय के लिए आवेदन 31 जनवरी तक किए जा सकेंगे। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को सीबीएसई के पैटर्न पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के मकसद से सभी मंडलों में अटल आवासीय विद्यालयों का संचालन कर रही है। झांसी मंडल के ललितपुर जिले में स्थित अटल आवासीय विद्यालय में शिक्षण सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 एवं कक्षा 9 में प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई है।
झांसी, ललितपुर और जालौन जिलों में उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चे एवं कोविड - 19 के दौरान कोरोना से निराश्रित हुए बच्चे तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत पात्र बच्चे आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन या ऑनलाइन माध्यम से आवेदन किए जा सकते हैं। तीनों जिलों के श्रम कार्यालय, जिला प्रोबेशन कार्यालय, बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं अटल आवासीय विद्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। आवेदन पत्र 31 जनवरी तक जमा किए जा सकते हैं। कक्षा 6 के लिए 80 बालक एवं 80 बालिकाओं का प्रवेश लिया जाएगा। कक्षा 9 के लिए 31 बालक एवं 33 बालिकाओं का प्रवेश लिया जाएगा। प्रवेश परीक्षा का आयोजन 22 फरवरी को आयोजित होगा। प्रवेश परीक्षा के लिए झांसी में 1, जालौन में 1 और ललितपुर में 2 केंद्र बनाए जाएंगे। अटल आवासीय विद्यालय धौर्रा ललितपुर का उद्घाटन वर्ष 2023 में पीएम मोदी ने वर्चुअल माध्यम से किया था। प्रदेश सरकार विद्यालय में निरंतर सुविधाओं का विस्तार करते हुए पंजीकृत निर्माण श्रमिकों एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के पात्र योजना के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण निशुल्क शिक्षा प्रदान करने के मकसद से अटल आवासीय विधायक का संचालन कर रही है। वर्तमान समय में ललितपुर के अटल आवासीय विद्यालय में झांसी मंडल के तीनों जिलों के 629 विद्यार्थी अध्ययनरत है। विद्यालय में बालक और बालिकाओं के लिए आवासीय सुविधा भी उपलब्ध है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




