
मारपीट के बाद युवक ने फांसी लगाकर दी जान
Jaunpur News - रामनगर के काजीहद गांव में एक युवक ने पड़ोसी महिला से विवाद के बाद आत्महत्या कर ली। 22 वर्षीय सोनू पाल ने नहर के पास बबूल के पेड़ से फांसी लगाई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
रामनगर (जौनपुर) हिन्दुस्तान संवाद। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के काजीहद गांव में मारपीट की घटना के बाद युवक के आत्महत्या किए जाने से गांव में हड़कंप मच गया। युवक ने नहर के पास खेत में बबुल के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। काजीहद गांव निवासी 22 वर्षीय सोनू पाल पुत्र पंधारी पाल का मंगलवार की रात पड़ोस की एक महिला से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों के बीच मारपीट भी हुई। परिजनों का कहना है कि इसी घटना से मानसिक रूप से आहत होकर सोनू देर रात घर से निकल गया। गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर नहर के पास खेत में खड़े बबूल के पेड़ पर रस्सी के सहारे फांसी लगा ली।
सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो पेड़ से शव लटका देख सन्न रह गए। इसकी सूचना तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नेवढ़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




