Jaunpur News: पति का अपहरण कर रुपये लूटने का लगाया आरोप
Jaunpur News: महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पति के अपहरण और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि 22 जुलाई को पति और बच्चों के साथ शादी समारोह में शामिल होने गई थी। कुछ लोग उन्हें बहाने से सुनसान स्थान पर ले जाकर घायल कर फरार हो गए। हमलावरों ने 50 हजार रुपये लूटे।

Jaunpur News: केराकत, हिन्दुस्तान संवाद। थानागद्दी चौकी क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर पति के अपहरण, जानलेवा हमला कर 50 हजार रुपये लूटने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि स्थानीय पुलिस को तहरीर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला के अनुसार, 22 जुलाई को वह पति और बच्चों के साथ मायके में शादी समारोह में शामिल होने गई थी।
जानलेवा हमला
इसी दौरान उसके पति ने बैंक से 50 हजार रुपये निकाले थे। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर कुछ लोग उन्हें बहाने से समारोह से बाहर ले गए और सुनसान स्थान पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर उन्हें मृत समझकर पौनी गांव के पास झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। देर रात परिजनों ने ग्रामीणों की सूचना पर पति घायल अवस्था में मिले।
अस्पताल में उपचार
उन्हें पहले सीएचसी केराकत, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़िता का आरोप है कि हमलावर 50 हजार रुपये भी छीन ले गए और परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उसका कहना है कि 24 जुलाई को थाने पर तहरीर देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
आईजी के पास शिकायत
इसके बाद उसने एसपी से एफआईआर दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। इस मामले में केराकत कोतवाली पुलिस का पक्ष नहीं मिल सका।


