आंधी के साथ हुई बूंदाबादी, किसानों की फूली सांस
Jaunpur News - जौनपुर में मंगलवार शाम मौसम अचानक बदल गया। तेज आंधी और बूंदाबंदी के कारण किसानों को गेहूं की कटाई और मड़ाई का काम रोकना पड़ा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बुधवार को तापमान गिरेगा और बारिश की संभावना है। अगले 10 दिनों में गर्मी और उमस से लोग परेशान रहेंगे।

जौनपुर, संवाददाता। मौसम मंगलवार शाम को फिर बदल गया। रात आठ बजे के आसपास पहले आंधी आई फिर देखते देखते बूंदाबादी भी शुरू हो गई। खेतों में गेहूं की कटाई कर रहे किसानों को काम बंद करना पड़ा। मड़ाई का कार्य भी बाधित हो गया। अब गेहूं के डांठ भीग जाने से बुधवार को संभवत: मड़ाई और कटाई का कार्य नहीं हो सकेगा। सुबह आसमान में बादल छाए थे लेकिन फिर धूप हो गई। धूप इतनी कड़ी थी कि लोग सिर पर गमछा, टोपी लगाए बिना बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे। अपराह्न तीन बजे से फिर बादल छा गए।
तेज हवा चलने लगी। शाम को सात बजे के आसपास हवा और तेज हो गई। आठ बजे के बाद तेज आंधी आई और बूंदाबादी होने लगी। बदलापुर, महराजगंज, खुटहन, सुइथाकला आदि क्षेत्रों में आंधी और बूंदाबादी का विशेष असर रहा। मौसम का रुख देख कर किसानों की चिंता बढ़ गी है। वैसे मौसम विद् डॉ.दिलीप कुमार सिंह ने पूर्वानुमान व्यक्त करते बताया है कि बुधवार को तापमान गिरेगा और मौसम खराब रहेगा। कहीं बूंदाबादी तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि नौ अप्रैल से करीब 10 दिनों तक मौसम साफ, कड़ी धूप युक्त रहेगा। इस दौरान गर्मी और उमस से लोग परेशान हो जाएंगे। जलालपुर, गौराबादशाहपुर, केराकत, सुरेरी में भी आंधी के साथ बूंदाबादी हुई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


