पुरानी रंजिश बनी खूनी टकराव की वजह, घर में घुसकर हमला
Jaunpur News - केराकत के अतरौरा गांव में वर्षों पुरानी रंजिश फिर से हिंसक हो गई। दबंगों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर मारपीट की, जिससे पूरे गांव में डर और तनाव फैल गया। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का मानना है कि यह विवाद किसी बड़े संघर्ष का कारण बन सकता है।

केराकत, हिन्दुस्तान संवाद। कोतवाली क्षेत्र के अतरौरा गांव में वर्षों पुरानी रंजिश एक बार फिर हिंसक रूप लेती दिखाई दी, जब दबंगों ने दिनदहाड़े घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। गांव में सुनील और प्यारे लाल पक्ष के बीच कई वर्षों से विवाद चला आ रहा है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज करा चुके हैं। विवाद सुलझाने के लिए थाना व गांव स्तर पर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ते तनाव के चलते कभी भी बड़ी वारदात हो सकती है। विकास यादव निवासी अतरौरा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 27 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे गांव के ही दीपक यादव, राहुल यादव पुत्र रामदुलार यादव, अरविन्द उर्फ बन्दन पुत्र प्रहलाद यादव तथा धर्मेन्द्र यादव उर्फ निखुड़ी पुत्र शोभनाथ यादव उसके घर के पास पहुंचे और भद्दी गालियां देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिसमें प्रार्थी और उसका मजदूर घायल हो गए। आरोप है कि जान बचाने के लिए जब पीड़ित घर के अंदर भागा तो हमलावर पीछे-पीछे घर में घुस आए और वहां भी बेरहमी से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे चाचा संजय यादव को भी नहीं बख्शा गया। मारपीट के दौरान उनके गले की सोने की चेन भी गायब हो गई। जाते समय आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लगातार बढ़ रही दुश्मनी किसी बड़े संघर्ष का कारण बन सकती है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है तथा घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



