शादी समारोह में मारपीट, चार पर मुकदमा दर्ज, पुरानी रंजिश में जनवासे से विवाह स्थल तक हुआ हंगामा, कई घायल
रामनगर (जौनपुर) में फत्तूपुर गांव में शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश के चलते मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई। इसमें कई लोग घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना ने शादी समारोह में अफरा-तफरी मचा दी।

रामनगर (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के फत्तूपुर गांव में शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट और चाकूबाजी की घटना में कई लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज कराने के बाद पीड़ित पक्ष ने मंगलवार को थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। फत्तूपुर गांव निवासी नगीना देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 मई को उसकी पुत्री पूजा की शादी थी। विवाह कार्यक्रम के दौरान गांव के सुदामा, अंकित, पंकज व सोनू पुरानी रंजिश को लेकर जनवासे में पहुंच गए और विवाद करने लगे।
आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दिया। मारपीट में सुजीत कुमार, अजीत कुमार, भरथू, राकेश और कृष्णा घायल हो गए। चाकू लगने से कृष्णा और अजीत को गंभीर चोटें आईं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जनवासे में मारपीट करने के बाद आरोपी विवाह स्थल पर भी पहुंच गए और वहां भी हंगामा व मारपीट की। घटना से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। इस संदर्भ मे थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि आरोपी सुदामा पुत्र रामलखन, अंकित पुत्र राजेंद्र, पंकज पुत्र राजेंद्र और सोनू पुत्र पुंडी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


