Jaunpur News: कुएं में गिरी गाय, ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला
Jaunpur News: जौनपुर के मीरगंज थाना क्षेत्र के असवां गांव में मंगलवार शाम संतोष कुमार तिवारी की गाय कुएं में गिर गई। सूचना मिलने पर करीब 50 ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्यूबवेल से कुएं में पानी भरा, जिससे गाय ऊपर आ गई। इसके बाद युवकों ने उसे रस्सियों से बांधकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों के इस प्रयास की सराहना हो रही है।

Jaunpur News: जंघई। मीरगंज थाना क्षेत्र के असवां गांव की तिऊरान बस्ती में मंगलवार देर शाम कुएं में गिरी गाय को ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गाय को बचाने के लिए करीब 50 युवक जुट गए। ग्रामीणों के प्रयास की सराहना हो रही है। संतोष कुमार तिवारी की गाय मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर के पास स्थित कुएं में गिर गई। इसकी जानकारी आदर्श रामलीला एवं राघव सेवा ट्रस्ट के ग्रुप में समिति के अध्यक्ष चंद्र मणि तिवारी ने संदेश भेजकर दी। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में युवक कुएं के पास पहुंच गए। ग्रामीणों ने ट्यूबवेल चलाकर कुएं में पानी भरना शुरू किया।
पानी का स्तर ऊपर आने के साथ गाय भी ऊपर आ गई। इसके बाद युवकों ने गाय को चारों तरफ से बांधकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस दौरान सच्चिदानंद मिश्र, सत्येंद्र कुमार तिवारी, पन्नालाल तिवारी, विनय तिवारी, आनंद मिश्र, मदनलाल तिवारी और अरविंद कुमार तिवारी सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

