वाहन की चपेट में बाइक सवार दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
Jaunpur News - मुंगरा बादशाहपुर में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बाइक सवार आर्यन गौतम और सुनील गौतम की अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। तीसरा युवक सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मुंगरा बादशाहपुर (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय थाना क्षेत्र के जौनपुर रायबरेली हाईवे पर जयपालपुर ढाबा के पास रविवार की रात करीब साढ़े 12 बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार की रात करीब साढ़े बारह बजे मझगवा गांव निवासी 19 वर्षीय आर्यन गौतम पुत्र सूर्यप्रकाश एवं 21 वर्षीय सुनील गौतम पुत्र संतोष कुमार उर्फ परमेश्वर अपने रिश्तेदार 25 वर्षीय सचिन कुमार उर्फ विपिन पुत्र ताराचंद्र निवासी अगहुआ, थाना फूलपुर, जिला प्रयागराज के साथ एक ही बाइक से कहीं जा रहे थे।
जैसे ही उनकी बाइक जयपालपुरस्थित ढाबा के पास हाईवे पर पहुंची, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में आर्यन गौतम और सुनील गौतम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सचिन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल सचिन कुमार को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि मझगवा गांव में एक वैवाहिक कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने प्रयागराज से उनका रिश्तेदार सचिन भी आया हुआ था। रात करीब 12 बजे तीनों युवक घरवालों से जल्द लौटने की बात कहकर बाइक से निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया। थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि हादसे में दो युवक की मौत हो गई है वहीं एक घायल युवक को सीएचसी सतहरिया में इलाज हेतु भर्ती कराया गया है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


