शादी रुकवाने की धमकी देने वाला आरोपी नामजद
Jaunpur News - रामनगर (जौनपुर) में एक युवती की शादी रोकने और तेजाब फेंकने की धमकी देने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित पिता ने बताया कि उसकी बेटी की शादी 24 जून को तय है और आरोपी लगातार धमकी दे रहा था। परिवार भयभीत है और सुरक्षा की मांग कर रहा है।

रामनगर (जौनपुर)। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती की शादी रुकवाने और तेजाब फेंकने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने शनिवार को शाम को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी पुत्री की शादी 24 जून को तय है। इसी को लेकर जवंशीपुर गांव का ही अरविंद धीवर उर्फ बिरजू पुत्र रामसिंगार धीवर लगातार शादी न होने देने की धमकी दे रहा था। आरोप है कि उसने कहा था कि यदि बरात आई तो वह तेजाब फेंक देगा या जान से मार देगा।
आरोपी मोबाइल पर भी संदेश भेजकर धमकी दे रहा था। पीड़ित ने यह भी बताया कि करीब तीन माह पूर्व इसी तरह की धमकी के चलते एक शादी रद्द हो चुकी है। आरोपी की हरकतों से परिवार भयभीत है और सुरक्षा की मांग कर रहा है। इस संबंध में थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


