दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट
रामनगर (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। नेवढ़िया थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला

रामनगर (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। नेवढ़िया थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर गुरुवार को पुलिस ने पति, सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के कुत्तूपुर गांव निवासी खुशीलाल सोनकर ने गुरुवार देर शाम को नेवढ़िया थाने पर प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने अपनी बेटी रेनू सोनकर की शादी 3 नवंबर 2024 को नेवढ़िया थाना क्षेत्र के गुतवन गांव निवासी नन्हे सोनकर के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में पल्सर बाइक और चार लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।
पीड़िता के पिता का कहना है कि बेटी के पति नन्हेलाल सोनकर, सास लालती, ससुर भीम, ननद निर्मला सोनकर व अन्य परिजन रजिन्दर और सामू आए दिन बेटी को गाली-गलौज देते हुए मारने-पीटने की धमकी देते हैं। मांग पूरी न होने पर उसे घर में न रखने की बात कहते हैं। वर्तमान में पीड़िता आठ माह की गर्भवती है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि शादी के समय उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार सोने की चेन, अंगूठी और करीब साढ़े चार लाख रुपये नगद भी दिया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें जारी हैं।थानाध्यक्ष नेवढ़िया राजाराम द्विवेदी ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर पति, सास-ससुर सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


