Jaunpur News: कांस्य पदक विजेता रोहित के स्वागत को उमड़ा गांव
Jaunpur News: जापान के नागोया में 20वें एशियाई खेल में भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले रोहित यादव का शुक्रवार को मियाचक से अदारी तक भव्य स्वागत किया गया। जनसैलाब ने खुली जीप में निकले रोहित को फूलों की मालाओं से लाद दिया और उनके प्रति उत्साह प्रकट किया।

Jaunpur News: जंघई, हिन्दुस्तान संवाद। जापान के नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेल के भाला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर लौटे अदारी-डभिया के लाल रोहित यादव के स्वागत में शुक्रवार को मियाचक से अदारी तक जनसैलाब उमड़ पड़ा। खुली जीप में निकले विजय जुलूस में रोहित की एक झलक पाने के लिए बाजारों, चौराहों और सड़क किनारे लोगों की भीड़ लगी रही। फूल माला से स्वागत और युवाओं के जयकारे से पूरा क्षेत्र उत्सव में बदल गया। मियांचक, बंधवा बाजार, जगदीशपुर होते हुए जुलूस अंदारी पहुंचा। रास्ते में जगह जगह दुकानदार, ग्रामीण, युवा, खेल प्रेमी, समाजसेवियों ने ने रोहित को फूल मालाओं से लादकर जोरदार अभिनंदन किया।
लोगों ने रास्ते में फूल भी बिछाया। दिल्ली से बाबतपुर फिर मियांचक पहुंचे रोहित का बैंड बाजे से जोरदार स्वागत किया गया। सुरक्षा को लेकर पुलिस तत्पर रही। स्वागत कार्यक्रम में अखिलेश सिंह, रामआसरे यादव, जज सिंह अन्ना, ललित तिवारी, विजय श्याम, चन्द्रसेन गिरी, के पी यादव, मनीष सेठ, नितिन यादव आदि सैकड़ों लोग मौजूद रहे। रोहित यादव ने बड़ों के पैर छुए, युवाओं को गले लगाया। उन्होंने इसका श्रेय माता-पिता और क्षेत्र वासियों के आशीर्वाद का प्रतिफल बताया। कार्यक्रम के दौरान उनके पिता सभाजीत यादव का भी स्वागत किया गया। सभाजीत मैराथन धावक हैं।

