
खर्गसेनपुर में रास्ते पर कब्जे की कोशिश पर पथराव
Jaunpur News - केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी चौकी अंतर्गत खर्गसेनपुर गांव मंगलवार को रणभूमि में तब्दील हो गया। जब सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण को लेकर दो पक्ष
थानागद्दी, हिन्दुस्तान संवाद। केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी चौकी अंतर्गत खर्गसेनपुर गांव मंगलवार को सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने इतना विकराल रूप ले लिया कि दोनों ओर से ईंट-पत्थरों की बरसात होने लगी। आधे घंटे तक गांव में अफरा-तफरी मची रही और लोग घरों में दुबककर जान बचाते रहे। गांव के पुराने सार्वजनिक रास्ते पर कब्जा कर मकान निर्माण की कोशिश को लेकर राजबहादुर मौर्य और फुल्लन मौर्य पक्ष में पहले विवाद छिड़ा। आरोप है कि फुल्लन पक्ष तीन दशक से पुराने मार्ग पर जबरन निर्माण कर रहा था। विरोध करने पर वह भड़क उठे और राजबहादुर पर टूट पड़े।
थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों के लोग भिड़ गए और मारपीट के साथ जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थानागद्दी चौकी प्रभारी आशुतोष गुप्ता फोर्स के साथ दौड़े और किसी तरह हालात काबू में किए। पुलिस ने दोनों पक्षों के मारपीट में शामिल सात आरोपियों को मौके से पकड़कर थाने लाकर सख्त पूछताछ की। बाद में सभी का चालान कर जेल भेज दिया गया। चौकी इंचार्ज आशुतोष गुप्ता ने बताया कि सार्वजनिक मार्ग पर कब्जे की कोशिश तथा उपद्रव को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




