ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
Jaunpur News - शाहगंज के सुरीश गांव में एक प्राइवेट अस्पताल में ऑपरेशन के बाद 32 वर्षीय रेखा की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मामले को शांत कराया और अस्पताल के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया। रेखा के पति ओमान में काम करते हैं और उनकी दो बेटियाँ हैं।

शाहगंज, हिन्दुस्तान संवाद। कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर रोड स्थित सुरीश गांव में स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में शुक्रवार की रात में ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई। इससे नाराज परिजनों ने अस्पताल के लोगों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शनिवार की भोर में हंगामा कर दिया। नारेबाजी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। सीओ और एसडीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के दिपाईपुर गांव निवासी 32 वर्षीय रेखा पत्नी यशपाल बिंद की तबियत शुक्रवार को खराब हो गई। महिला को सुल्तानपुर रोड के सुरीश गांव स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया।
आरोप है कि यहां से महिला को दूसरी शाखा बड़ागांव स्थित भेज दिया गया। महिला के भतीजे अजय कुमार ने बताया कि डॉक्टर ने बच्चेदानी का ऑपरेशन कर जान बचाने की बात कही। इसी बीच अस्पताल के अप्रशिक्षित लोगों ने ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन के बाद ही रेखा की तबियत ज्यादा बिगड़ने लगी। परिजन घबराकर डॉक्टर को बुलाए, लेकिन डॉक्टर समय पर आए ही नहीं। रात दो बजे रेखा की मौत हो गई। मौत के जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने भोर में हंगामा कर दिया। ममाला बिगड़ता देख अस्पताल के लोग ताला बंद करके फरार हो गए। उधर, सीओ अजीत सिंह चौहान और एसडीएम कुणाल गौरव ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। मौके से अस्पताल के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया है। मृतका रेखा के पति रोजगार के सिलसिले में ओमान रहते हैं। वहीं दोनों की दो पुत्रियां 14 वर्षीय प्रतिक्षा और 10 वर्षीय आराध्या है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


