केराकत कोतवाली पुलिस ने शुरू किया विशेष अभियान

Mar 01, 2026 12:20 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जौनपुर
share Share
Follow Us on

Jaunpur News - केराकत (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। होली एवं होलिका दहन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण

केराकत कोतवाली पुलिस ने शुरू किया  विशेष अभियान

केराकत (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। होली एवं होलिका दहन पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए केराकत कोतवाली पुलिस ने व्यापक स्तर पर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा शराबियों, हुड़दंगियों और संभावित विवादों पर कड़ी नजर रखते हुए पूरे क्षेत्र में सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। कोतवाली क्षेत्र के गांवों में स्थापित करीब 136 होलिका दहन स्थलों को चिन्हित कर उनकी गूगल टैगिंग कर दी गई है। प्रत्येक होलिका दहन समिति के 10-10 जिम्मेदार लोगों के मोबाइल नंबर पुलिस ने दर्ज किए हैं। समितियों के माध्यम से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि होलिका दहन केवल निर्धारित स्थान पर ही किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार का उपद्रव या विवाद बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

होली के मद्देनजर पुलिस ने डीजे एवं साउंड संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें विशेष हिदायत दी है। अश्लील एवं फूहड़ गीत न बजाने की सख्त चेतावनी देते हुए नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा होली के दिन शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक चौकी क्षेत्र में 10-10 टीमें गठित की गई हैं। इनमें दो चारपहिया वाहन टीमें तथा आठ बाइक टीमें शामिल हैं, जो गांव-गांव गश्त कर कानून व्यवस्था बनाए रखेंगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या विवाद होने पर तुरंत संबंधित चौकी प्रभारी या कोतवाली के सार्वजनिक हेल्पलाइन एवं पर्सनल नंबरों पर सूचना दें। कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले वर्षों में जिन गांवों एवं होलिका दहन स्थलों पर विवाद की घटनाएं हुई थीं, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तत्काल नियंत्रण किया जा सके। उन्होंने बताया कि होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कोतवाली स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। साथ ही सभी चौकियों पर भी शांति बैठकें कराई गईं, जिनमें ग्राम प्रधानों, वार्ड सदस्यों तथा क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों को शामिल कर आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। अतिरिक्त पुलिस बल की मांग पुलिस लाइन से की गई है ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। कोतवाली की चारों चौकियों सरकी, मुफ्तीगंज, थानागद्दी सहित अन्य क्षेत्रों में भी विशेष टीमें तैनात कर दी गई हैं। पुलिस का उद्देश्य है कि इस वर्ष होली का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाए तथा सड़क दुर्घटना, मारपीट या किसी भी अप्रिय घटना की पुनरावृत्ति न हो।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।