1.58 करोड़ रुपये के गबन मामले में पूर्व प्रधान सहित 17 पर मुकदमा
Jaunpur News - महराजगंज, हिन्दुस्तान संवाद। ब्लाक के चारों गांव में कराए जाने वाले विकास कार्यों के

महराजगंज, हिन्दुस्तान संवाद। ब्लाक के चारों गांव में कराए जाने वाले विकास कार्यों के नाम पर एक करोड़ 58 लाख रुपये के गबन, धोखाधड़ी के मामले में महराजगंज पुलिस ने तत्कालीन प्रधान सहित 17 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामले में तत्कालीन अवर अभियंता, पंचायत सचिव, प्रधान के बेटे सहित कई फर्मों के संचालकों को आरोपी बनाया गया है। यह कार्रवाई पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर की है। ग्राम पंचायत निवासी रमाशंकर यादव, प्रशांत यादव, महेंद्र यादव, संजय, जय हिंद ने करीब एक साल पहले जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप लगाया था कि 2015 में ग्राम पंचायत चारों के प्रधान शिवनाथ यादव चुने गए थे।
प्रधानी का सारा काम प्रधान के पुत्र बृजेश यादव देखते रहे। प्रधान और उनके पुत्र ने पांच साल में ग्राम सभा में सड़क, नाली, खड़ंजा, शौचालय, आवास, हैंडपंप, सहित कई काम का सरकारी पैसा फर्जी तरीके से निकाल लिया। इस गबन और कूटरचना में तत्कालीन सचिव संतोष दुबे, जेई धर्मराज और तत्कालीन खंड विकास अधिकारी भी शामिल रहे। बिना कोई काम कराए ही खंड विकास अधिकारी, सचिव, जेई से फर्जी सत्यापन कराकर एक करोड़ 58 लाख रुपए से अधिक का खेला कर लिया गया। आवास योजना का पैसा भी दूसरों के खाते में भेजे गए। इन फर्मों की मिलीभगत का आरोप धोखाधड़ी करके सरकारी धन के गबन के आरोप में जो मुकदमा दर्ज किया गया है उसमें कई फर्मों का नाम है। इसमें पामस ईंट उद्योग, आरएन ईंट उद्योग एंड सीमेंट एजेंसी, ओम ईंट उद्योग पूरा गंभीर, बालाजी इंटर प्राइजेज, सूर्या ब्रिक्स एंड टाइल्स उद्योग, पावर ईट उद्योग खजुरजन, शिवजी इंटर प्राइजेज, रूद्र इटर प्राइजेज, शिव शंकर स्पेन पाईप उद्योग, राम आसरे यादव पर आरोप है। इनपर फर्जी बिल वाउचर बना कमीशन का आरोप है। डीएम ने 36 बिंदुओं पर करायी थी जांच जिलाधिकारी जौनपुर को शिकायती पत्र दिया गया तो डीएम ने जिला गन्ना अधिकारी से जांच करायी। इसमें 36 बिंदुओं पर जांच कराने का निर्देश दिया गया था। उसी आधार पर जब जांच हुई तो गबन की पुष्टी हुई। थानाध्यक्ष तरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया न्यायालय के आदेश पर मामले में सेक्रेटरी, जेई, ग्राम प्रधान और उनके पुत्र, तत्कालीन खंड विकास अधिकारी, अध्यक्ष निर्माण समिति ग्राम पंचायत चारो सहित 17 के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



