
दो बाइक और चोरी के सामान सहित चार चोर गिरफ्तार
Jaunpur News - फोटो...07 बाइक समेत लाखों रुपये मूल्य के चोरी का सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा हुआ है। हाल में हुई चोरी की वारदातों की
खुटहन, हिन्दुस्तान संवाद। पुलिस ने शनिवार की रात गोवंशों की तस्करी और चोरी करने वाले रवींद्र वर्मा के अंतरजनपदीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के पास से दो बाइक समेत लाखों रुपये मूल्य के चोरी का सामान बरामद हुआ है। पूछताछ में चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा हुआ है। हाल में हुई चोरी की वारदातों की छानबीन में जुटे थानाध्यक्ष रामाश्रय राय को लक्ष्मीशंकर चौराहे पर चेकिंग के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद शनिवार रात टीम के साथ धिरौली नानकार गांव स्थित बंद पड़े ईंट भट्ठे पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सरपतहां थाना क्षेत्र के पट्टीनरेंद्रपुर निवासी प्रिंसू माली, शीतला प्रसाद उर्फ मुन्ना, सुनील तथा मदारपुर गांव का इंदल गौतम शामिल है। इनके पास से चोरी के दो इन्वर्टर, दो बैटरी, ब्लोअर, फर्राटा पंखा, चार बंडल तांबे का तार, तीन बंडल केबिल, मिक्सर मशीन, दो नए और छह पुराने सबमर्सिबल पंप बरामद किए गए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में प्रिंसू माली ने स्वीकार किया कि पांच जनवरी की रात गिरोह के सरगना रवींद्र वर्मा ने मखदूमपुर स्कूल के पीछे सभी को बुलाया था। वहां रवींद्र वर्मा, शक्तिमान और एक अज्ञात युवक मौजूद था। साजिश के तहत पहले बनहरा में टेंट हाउस संचालक सुभाष चंद्र मौर्य की जैकेट और पिकअप चोरी की गई। इसके बाद पटैला बाजार सब्जी मंडी में सुभाष निगम के सहज जनसेवा केंद्र तथा अली हसन की इलेक्ट्रानिक्स की दुकान का ताला तोड़कर चोरी की गई। चोरी का सामान कमरे में छिपा दिया गया था, जबकि बाकी सामान रवींद्र वर्मा, शक्तिमान और अज्ञात युवक पिकअप सहित लेकर चला गया था। शाहगंज में बेचने के लिए सामान ले जाते समय ही चारों आरोपियों को पकड़ लिया गया। इंदल गौतम ने भी स्वीकार किया कि उसने प्रिंसू माली के साथ मिलकर 21 दिसंबर को शेख अशरफपुर गांव स्थित बजरंगबली मंदिर से लाउडस्पीकर और एंपलीफायर चोरी कर फेरी लगाने वाले कबाड़ी को 1500 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने दोनों बाइकों को सीज कर दिया है। जांच में सामने आया कि पल्सर बाइक आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भरौली निवासी रीना के नाम तथा स्प्लेंडर प्लस बाइक सुल्तानपुर जिले के लंभुआ थाना क्षेत्र के कुबेर शाह पट्टी निवासी प्रेमनाथ के नाम पंजीकृत है। थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार रवींद्र वर्मा, शक्तिमान और एक अज्ञात युवक की तलाश की जा रही है। इंदल के खिलाफ खुटहन, सरपतहां और देवरिया जिले के भाटपार रानी थाने में चोरी, गोवध निवारण और गैंगस्टर एक्ट सहित छह मुकदमे दर्ज हैं। जबकि सुनील के विरुद्ध तीन मुकदमे पंजीकृत हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रवि प्रकाश, महेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल रामनिवास यादव, अनिरुद्ध यादव, कांस्टेबल सुरेंद्र वर्मा, रणविजय यादव, कुलदीप गोस्वामी और सोनू यादव शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




