नौकरी का झांसा देकर पांच लाख पच्चीस हजार की ठगी
Jaunpur News - जौनपुर के सुरेरी थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति से 5 लाख 25 हजार रुपये की ठगी की गई। अमित उपाध्याय ने आरोप लगाया कि प्रवीण दुबे ने सरकारी नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर पैसे लिए, लेकिन आठ साल बाद भी न नौकरी मिली न पैसे वापस हुए। पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

सुरेरी (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। जामडीह गांव निवासी अमित उपाध्याय ने आरोप लगाया है कि राईपुर फ़िफियौना गांव निवासी प्रवीण दुबे पुत्र कमलाकांत दुबे ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 5 लाख 25 हजार रुपये ले लिए। पीड़ित के अनुसार आरोपित ने प्रभाव और संपर्क का हवाला देते हुए जल्द नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया था। भरोसे में आकर अमित उपाध्याय ने समय-समय पर कुल पांच लाख 25 हजार रुपये आरोपित को सौंप दिए। इसके बाद कई वर्षों तक पीड़ित नौकरी मिलने की आस में आरोपित का चक्कर काटता रहा, लेकिन आठ वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही रुपये वापस किए गए।
तत्पश्चात जब पीड़ित ने अपनी जमा रकम वापस मांगी तो आरोपित युवक ने टालमटोल शुरू कर दी और अंततः पैसा देने से साफ इंकार करने लगा। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने बीते शनिवार को सुरेरी थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने चार जनवरी रविवार की रात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इस संदर्भ में प्रभारी निरीक्षक सुरेरी राजेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




