Jaunpur News: अज्ञात बदमाशो ने की अधेड़ की हत्या
Jaunpur News: जौनपुर के सुजानगंज क्षेत्र के नारीपुर गांव निवासी 59 वर्षीय ओमप्रकाश मिश्र की रविवार रात घर से करीब एक किलोमीटर दूर हत्या कर दी गई। उनके सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से वार किए जाने की आशंका है। शव मिलने पर ग्रामीणों और परिजनों ने आक्रोश जताया तथा उच्च अधिकारी को बुलाने की मांग की। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Jaunpur News: सुजानगंज (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के नारीपुर गांव निवासी 59 वर्षीय ओमप्रकाश मिश्र उर्फ 'पप्पू' की रविवार की रात घर से महज एक किलोमीटर की दूरी पर अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। सुबह जब ग्रामीणों ने शव देखा, तो इलाके में कोहराम मच गया। मृतक ओमप्रकाश मिश्र, नारीपुर गांव के पूर्व प्रधान राजेंद्र मिश्र 'रज्जन' के छोटे भाई थे। शव की स्थिति देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्यारों ने सिर और चेहरे पर किसी भारी व ठोस चीज से प्रहार कर उनकी हत्या की है। सुबह राहगीरों और ग्रामीणों द्वारा शव देखे जाने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव को उठाने नहीं दे रहे हैं। परिजनों की मांग है कि मौके पर किसी उच्च अधिकारी को बुलाया जाए, तभी आगे की कार्रवाई और शव उठाने दिया जाएगा। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सुजानगंज, महराजगंज और बदलापुर थाने की भारी पुलिस फोर्स मौके पर मौजूद है।सुजानगंज थानाध्यक्ष अमित पाण्डेय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। हत्या के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही साक्ष्यों को जुटाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

