Jaunpur News: खो-खो में गुलाबी देवी कॉलेज बना चैंपियन, एथलेटिक्स में दमखम
Jaunpur News: जौनपुर में इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में खो-खो और जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। खो-खो में गुलाबी देवी कॉलेज ने एसएस पब्लिक स्कूल को हराकर चैंपियनशिप जीती। एथलेटिक्स में आर्य यादव, पूजा और उजाला जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने विभिन्न दौड़ में शीर्ष स्थान प्राप्त किए।

Jaunpur News: जौनपुर, संवाददाता। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम सिद्दीकपुर में बालकों की खो-खो प्रतियोगिता और जूनियर बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुआ। खो-खो के रोमांचक फाइनल मुकाबले में गुलाबी देवी पीजी कॉलेज ने एसएस पब्लिक स्कूल को 10-6 अंकों से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली, जबकि एसएस पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा। बालकों की खो-खो प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने प्रतिभाग किया। पहले मुकाबले में एसएस पब्लिक स्कूल ने सहकारी पीजी कॉलेज मेहरावां को 16-14 अंकों से हराया। दूसरे मुकाबले में गुलाबी देवी कॉलेज ने इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम को 10-5 अंकों से पराजित किया। पहले सेमीफाइनल में एसएस पब्लिक स्कूल ने शिवबरन शिक्षण संस्थान को कड़े मुकाबले में 6-5 अंकों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में गुलाबी देवी कॉलेज ने जयकरन विद्यालय को 5-0 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट हासिल किया। फाइनल में गुलाबी देवी कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एसएस पब्लिक स्कूल को 10-6 अंकों से हराकर खिताब जीत लिया。
जूनियर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता
जूनियर बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता की 100 मीटर दौड़ में आर्य यादव प्रथम, सत्या यादव द्वितीय और सार्थक यादव तृतीय रहे। 200 मीटर दौड़ में विक्रांत ने पहला, आर्य यादव ने दूसरा और सत्या यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 800 मीटर दौड़ में आशीष, आकाश और उत्कर्ष रावत क्रमशः पहले तीन स्थानों पर रहे। वहीं 1500 मीटर दौड़ में आशीष प्रथम, दीपक द्वितीय और सत्यम तृतीय रहे।
बालिका वर्ग की दौड़
बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पूजा प्रथम, नैंसी द्वितीय और अंशिका तृतीय रहीं। 200 मीटर में पूजा ने पहला, नैंसी ने दूसरा और सेजल ने तीसरा स्थान हासिल किया। 400 मीटर दौड़ में शिवांगी प्रथम, सेजल द्वितीय और अमृता तृतीय रहीं। 800 मीटर दौड़ में उजाला, शिवांगी और भारती ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। 1500 मीटर दौड़ में उजाला प्रथम, पूजा द्वितीय और भारती तृतीय रहीं। उद्घाघाटन प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया। जिला खेल अधिकारी अशोक सोनकर ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।


