पूरे जोश, अकीदत और जश्न के साथ मना ईद मीलादुन्नबी
Jaunpur News - केराकत, हिन्दुस्तान संवाद। केराकत मरकजी सीरत कमेटी केराकत के तत्वावधान में पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत

केराकत, हिन्दुस्तान संवाद। केराकत मरकजी सीरत कमेटी केराकत के तत्वावधान में पैग़म्बरे इस्लाम हज़रत मुहम्मद स.अ. की पैदाइश का जश्न पूरी अकीदत और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह शाही जामा मस्जिद शेखजादा में कुरानख्वानी का एहतमाम किया गया था। अपराह्न करीब तीन बजे शाही मस्जिद बादशाहजादी तहसील प्रांगण से एक जुलूस निकाला गया। जिसमें जहां अखाड़े अपनी कलाओं का प्रदर्शन करते हुए चल रहे थे तो अंजुमने नात ख्वानी करते हुए चल रही थीं। जुलूस लगभग 500 मीटर लंबा चल रहा था। जुलूस को कस्बा चौकी प्रभारी धनुषधारी पाण्डेय और मरकजी सीरत कमेटी के निवर्तमान अध्यक्ष डॉ बहादुर अली खान ने फीता काट कर रवाना किया।
रवाना होने से पूर्व नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रदीप कुमार पिंकू ने हजरत मुहम्मद साहब के व्यवहारिक जीवन पर संक्षेप में प्रकाश डाला। जुलूस सरायबीरू चौराहे पहुंचा और फिर आगे संकट मोचन मंदिर पहुंचकर नगर में मूड़ गया और हाशमी नगर पहुंच कर थोड़ी देर विश्राम किया और मेले जैसा रूप ले लिया। वहां से चलने के पश्चात मोहल्ला शेखजादा पहुंचा। जहां हुजूर सरवरे कायनात पर सलाम और दुआ ख्वानी के बाद भोर में समापन हुआ। जुलूस के रास्ते में जगह जगह स्टॉल लगाकर अंजुमनों और अखाड़ों के लिए जलपान और उपहार की व्यवस्था भी की गई थी। केराकत की गंगा जमुनी तहजीब की परंपराओं का निर्वहन करते हुए गैर मुस्लिम बंधुओं ने भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। जुलूस के रास्ते भर आकर्षक स्वागत द्वार भी बनाए गए थे। नगर पंचायत टीम ने भी एक मनोहारी द्वार बनाया था। जुलूस में मरकजी सीरत कमेटी के अध्यक्ष फिरोज अहमद की कयादत में कमेटी के अन्य लोग अब्दुलहमीद खान, इरशाद अहमद खान व पूर्व चेयरमैन नगर पंचायत विजय कुमार गुप्ता, वरिष्ठ अधिवक्ता अनिल सोनकर गांगुली, मनोज कुमार कमलापुरी हाजी गोगा अंसारी, डॉ. सैय्यद आदिल मुज्तबा, दानिश खान, सैय्यद शारिक बबलू, गुफरान अंसारी, हाजी मुहम्मद यूसुफ पप्पू आदि लोग मौजूद थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




