होटलों में घट गया मेन्यू, भट्ठी पर बनाया जा रहा खाना

Apr 05, 2026 11:57 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, जौनपुर
share

Jaunpur News - जौनपुर में व्यावसायिक गैस सिलेंडर की किल्लत से होटल और ढ़ाबा संचालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई होटलों ने मेन्यू घटा दिया है और घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करने पर मजबूर हैं। अगर गैस खत्म हो गई, तो व्यवसाय बंद करने की नौबत आ सकती है।

होटलों में घट गया मेन्यू, भट्ठी पर बनाया जा रहा खाना

जौनपुर, संवाददाता। व्यावसायिक गैस सिलेंडर की किल्लत दूर होने का नाम नहीं ले रही है। इसके अभाव में होटल और ढ़ाबा संचालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश होटलों में मेन्यू घटा दिया गया है। तेज आंच में पकने वाले चायनीज व्यंजनों को नहीं बनाया जा रहा है। हालांकि खाने का रेट अभी पुराना ही चल रहा है। कई होटल रेस्टोरेंट संचालक अपने घरों में रखे घरेलू गैस सिलेंडर का उपयोग करके व्यवसाय चला रहे हैं। कहते हैं कि उसके खत्म हो जाने पर सर्विस बन्द कर देने की नौबत आ जाएगी। हिसं जलालपुर के अनुसार क्षेत्र के दो होटलों की रविवार को हिन्दुस्तान टीम ने पड़ताल की।

उजाला होटल रेहटी के मैनेजर विपिन राय ने बताया कि गैस नहीं मिलने की वजह से भट्ठी पर खाना बन रहा है। चाइनीज आइटम को बनाने के लिए तेज आंच की जरूरत होती है। भट्ठी पर उतनी आंच नहीं मिलती है इसलिए अब इसे मेन्यू से हटा दिया गया है। खाना का रेट पुराना ही है। वही खुशी होटल दरबेशपुर के मैनेजर संजय यादव ने बताया कि काफी दिक्कत से कमर्शियल गैस सिलेंडर मिल रहा है। किसी तरह से काम चलाया जा रहा है। मेन्यू भी घटा दिया गया है। खाना का रेट अभी पुराना ही है।हिसं सिंगरामऊ के अनुसार क्षेत्र में स्थित अंश ढाबा के संचालक सर्वेश यादव ने बताया कि कॉमर्शियल सिलेंडर तो पंद्रह बीस दिन पहले ही खत्म हो गया था। घर से घरेलू सिलेंडर लाकर किसी तरह खाना बना के सर्विस दी जा रही है लेकिन दो दिन की गैस अभी बची है जो खतम होते ही ढाबा बंद करने की नौबत आ जाएगी। दूसरी तरफ सिंगरामऊ क्षेत्र के सबसे वीआईपी रेस्टोरेंटों में से एक शंख रेस्टोरेंट के मैनेजर पिंटू सिंह ने बताया कि गैस न मिलने के कारण लकड़ी खरीद कर भट्ठियों और चूल्हे पर किसी तरह सर्विस दी जा रही है।हिसं चंदवक के अनुसार स्थानीय बाजार के अलावा क्षेत्र के अन्य बाजारों में घरेलू गैस लेने के लिए भीड़ मची है। चाट, अंडे, चाइनीज़ और चाय के दुकानों पर घरेलू गैस का प्रयोग धड़ल्ले से हो रहा है। सूत्रों की माने तो कहीं न कहीं से इन दुकानदारों को गैस उपलब्ध हो जा रहा है। अभी ऐसे दुकानों पर गैस की किल्लत नहीं दिखी जबकि घरेलू उपभोक्ता दौड़ लागते परेशान दिख रहे हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।