इंजेक्शन लगाने के बाद पांच वर्षीय मासूम की हालात बिगड़ी, मौत

हिन्दुस्तान, जौनपुर
Follow us on Google News
share

जलालपुर के छतरीपुर गांव में एक पांच वर्षीय बच्चे की मौत कथित तौर पर डॉक्टर द्वारा गलत इंजेक्शन लगाने के बाद हुई। परिजनों ने हंगामा किया और जलालपुर-केराकत मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने स्थिति को कंट्रोल किया। डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

इंजेक्शन लगाने के बाद पांच वर्षीय मासूम की हालात बिगड़ी, मौत

जलालपुर (जौनपुर)। क्षेत्र के छतरीपुर गांव निवासी एक पांच वर्षीय मासूम की कथित तौर पर डॉक्टर द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद हालत बिगड़ने से सोमवार देर रात मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने पराऊगंज बाजार में हंगामा करते हुए जलालपुर-केराकत मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार, केराकत थाना क्षेत्र के छतरीपुर गांव निवासी सतीश विश्वकर्मा के पांच वर्षीय पुत्र ओम विश्वकर्मा को तेज बुखार था। परिजन सोमवार रात करीब 11 बजे उसे उपचार के लिए पराऊगंज बाजार स्थित शिवम क्लिनिक लेकर पहुंचे।

आरोप है कि क्लिनिक में डॉक्टर ने बच्चे को इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों के मुताबिक, बच्चे की हालत गंभीर होते देख डॉक्टर ने उसे कहीं अन्यत्र ले जाकर दिखाने की सलाह दी। इसके बाद परिजन उसे लेकर जौनपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिजन वापस क्लिनिक पहुंचे और डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया।घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने पराऊगंज बाजार में शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे जलालपुर-केराकत मार्ग लगभग 15 मिनट तक बाधित रहा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी प्रशांत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की बुआ की तहरीर पर आरोपी डॉक्टर बी.आर. यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।