Jaunpur News: दबंगों की पिटाई में सिर की हड्डी टूटी, 19 दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
Jaunpur News: केराकत में पट्टीदारों के विवाद में एक परिवार के सदस्यों की लाठी-डंडों से पिटाई हुई। पीड़ित ने 19 दिनों तक पुलिस के सामने शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अंततः जिलाधिकारी और एसपी के हस्तक्षेप से मुकदमा दर्ज किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती किया गया।

Jaunpur News: केराकत (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। पट्टीदारों के बीच विवाद में एक परिवार के लोगों की लाठी-डंडों से पिटाई करने और एक युवक के सिर पर गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में 19 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया गया। पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद वह लगातार कोतवाली के चक्कर लगाता रहा, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे डांटकर थाने से भगा दिया। बाद में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। लुत्तीपुर नरहन गांव निवासी अजीत यादव ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 27 अगस्त की सुबह करीब छह बजे उसके दरवाजे पर रिश्तेदार और अन्य लोग बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान पट्टीदार रविंद्र यादव उसके दरवाजे से होकर गोबर फेंकने जा रहा था। अजीत के चचेरे भाई कमलेश यादव ने वहां से गोबर ले जाने से मना किया तो रविंद्र, प्रदीप, संदीप और गीता देवी गाली-गलौज करने लगे।आरोप है कि विरोध करने पर सभी लोग लाठी-डंडे लेकर दरवाजे पर पहुंच गए। प्रदीप ने कमलेश के सिर पर लाठी से वार कर दिया। मारपीट में चैतू, संतोष और श्यामकन्हैया को भी चोटें आईं। बीच-बचाव करने के दौरान गीता देवी के गिरने से उसे भी चोट लगने की बात तहरीर में कही गई है। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। गंभीर रूप से घायल कमलेश को सीएचसी केराकत ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरोप है कि कमलेश को उल्टियां हो रही थीं और वह बार-बार बेहोश हो रहा था। जिला अस्पताल में उसे तीन दिन भर्ती रखा गया। बाद में मेडिकल जांच में सिर की हड्डी टूटने की बात सामने आई। अजीत का आरोप है कि घटना के बाद मुकदमा दर्ज कराने के लिए वह लगातार कोतवाली के चक्कर लगाता रहा, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई नहीं की। पुलिस की ओर से सुनवाई नहीं होने पर उसने अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद डीएम और एसपी के हस्तक्षेप के बाद 14 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया। कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पर कार्रवाई न करने और थाने से डांटकर भगाने का आरोप गलत है। मामले की जांच की जा रही है।

