पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कॉपियों का मूल्यांकन शुरू
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में सम सेमेस्टर परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन हवन-पूजन के साथ शुरू हुआ। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ मूल्यांकन का आश्वासन दिया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए निष्पक्ष मूल्यांकन का वादा किया।

जौनपुर, संवाददाता। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के बाला साहेब देवरस केंद्रीय मूल्यांकन भवन में शुक्रवार को सम सेमेस्टर परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का शुभारंभ हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह ने मूल्यांकन कार्य के बाबत आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। परीक्षा नियंत्रक ने कहा कि विश्वविद्यालय गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर परीक्षाफल घोषित किया जाएगा। मूल्यांकन समन्वयक डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की मंशा के अनुरूप मूल्यांकन कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कराया जाएगा।
विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तर पुस्तिकाओं का निष्पक्ष मूल्यांकन किया जाएगा। इस मौके पर उप समन्वयक डॉ. अजय कुमार, डॉ. अनुराग मिश्र, डॉ. ममता सिंह, विशाल सिंह, संजय शर्मा, श्याम त्रिपाठी, मनू मिश्र, अरविंद और मनोज कुमार समेत अन्य शिक्षक तथा कर्मचारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


