शराब के नशे में युवकों का चौकी के पास हंगामा, सिपाहियों से भिड़ंत
Jaunpur News - थानागद्दी (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। थानागद्दी चौकी से महज कुछ कदम दूर बुधवार देर

थानागद्दी (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। थानागद्दी चौकी से महज कुछ कदम दूर बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब नशे में धुत युवकों ने अंग्रेजी शराब की दुकान पर जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि शराब लेकर बिना पैसे दिए जाने का विरोध करने पर युवकों ने पहले सेल्समैन की पिटाई कर दी और बाद में मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों से भी भिड़ गए। घटना से चौराहे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।नाऊपुर और बम्मावन गांव निवासी पांच मनबढ़ किस्म के युवक देर रात अंग्रेजी शराब की दुकान पर पहुंचे थे। शराब खरीदने के बाद युवक पैसे देने को लेकर सेल्समैन से बहस करने लगे।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सेल्समैन ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उसकी पिटाई कर दी। दुकान पर मौजूद दूसरे कर्मचारी ने भागकर थानागद्दी चौकी में सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी पर तैनात सिपाही अनिल सिंह और विशाल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने युवकों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन नशे में धुत युवक और उग्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान युवकों ने पुलिस कर्मियों से हाथापाई शुरू कर दी। चौकी इंचार्ज थानागद्दी को भी जाति सूचक गालियां देने लगे। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। पुलिस बल को आता देख दो युवक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि तीन आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवकों में हरि यादव नाम का युवक भी शामिल बताया जा रहा है, जिसके खिलाफ हत्या, लूट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। घटना के बाद देर रात तक चौराहे पर लोगों की भीड़ जुटी रही और क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है। केराकत कोतवाली प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि पुलिसकर्मियों की पिटाई की बात सही नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


