Jaunpur News: पानी पानी त्रस्त हो गई जिंदगानी, लगातार हो रही बारिश से परेशानी
Jaunpur News: फोटो...09, 10, 11, लेकर गांव तक की सड़के चलने लायक नहीं रह गई हैं। जिला प्रशासन के आदेश पर बुधवार को भी कक्षा आठतक के परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्य

Jaunpur News: जौनपुर, संवाददाता। चार दिनों से लगातार रुक रुक कर हो रही बारिश से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पानी पानी जिन्दगानी त्रस्त हो गई है। शहर से लेकर गांव तक की सड़के चलने लायक नहीं रह गई हैं। जिला प्रशासन के आदेश पर बुधवार को भी कक्षा आठतक के परिषदीय और मान्यता प्राप्त विद्यालय बंद कर बच्चों की छुट्टी कर दी गई। कक्षा एक से आठ तक के स्कूल बंद होने से छोटे बच्चों को राहत मिली है। बारिश के चलते कच्चे मकान गिरने का सिलसिला जारी है। कई बाजारों में बारिश का पानी दुकानों में घुस गया है जिससे काफी नुकसान हुआ है। हालांकि बारिश से किसान खुश हैं लेकिन दुकानदारों को बारिश रास नहीं आ रही है。
बारिश का कहर
बारिश के कहर से आम जनजीवन त्रस्त हो गया है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर पानी कीचड़ फैल जाने से आवागमन में दुश्वारियां झेलनी पड़ रही हैं। बारिश अब जी का जंजाल बन गई है। सुबह पांच बजे से लेकर देर शाम तक बारिश रुक रुक कर होने से रोजमर्रा के काम प्रभावित हो गए। गांवों में बारिश से लोगों की विशेष दुर्दशा हो रही है। शहर और बाजारों में व्यवसाय पर असर पड़ रहा है। सुबह से शाम तक बारिश का क्रम बने रहने से लोग बाजारों में पहुंच कर जरूरत की सामान नहीं खरीद पा रहे हैं। बुधवार को पशुओं को खिलाने पिलाने, छोड़ने बांधने तथा बाजार हाट का काम लोगों ने भीगते हुए किया।
दिनभर रहा रिमझिम बारिश का सिलसिला
मछलीशहर। स्थानीय तहसील क्षेत्र में बुधवार की सुबह से शाम तक रुक रुककर रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा। मंगलवार की तरह ही बुधवार को भी आठवीं तक के स्कूल बारिश के चलते बच्चों के लिए बंद रहे। बारिश से किसान गदगद हैं और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम हैं। धान की फसल के लिए किसान बारिश को बेहद फायदेमंद मान रहे हैं। बामी गांव के किसान शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि इस बारिश से धान के पौधों में कल्ले अधिक निकलेंगे इससे धान की पैदावार बढ़ेगी। लगातार बारिश से गर्मी और उमस घट गई है तथा मौसम सुहावना हो गया है।
कच्चा मकान गिरा, बाल बाल बची महिला
गौराबादशाहपुर। धर्मापुर ब्लाक के उतरगावां गांव में बुधवार को भोर में बारिश की वजह से एक कच्चा मकान गिर गया। इससे घर में रखा गेहूं, चावल, आलू, पशुओं का भूसा, बिस्तर समेत अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गए। घटना के समय विमला देवी इसी कच्चे मकान में सो रही थी। अचानक मकान धीरे धीरे गिरने लगा। संयोग अच्छा था कि दीवार गिरने से आई भरभराहट की आवाज से उनकी नींद खुल गई। खतरे को भांपते हुए विमला देवी घर से बाहर निकल गई। कुछ ही देर बाद पूरा कच्चा मकान भरभराकर धराशाई हो गया। समय रहते बाहर निकल जाने से विमला देवी की जान बच गई।
दुकान में पानी घुसने से हुआ भारी नुकसान
नौपेड़वा। बक्शा विकास खण्ड के तेजीबाजार रोड पर पुरामोहब्बत गांव में मंगलवार की रात भारी बारिश से दुकान के बेसमेंट में पानी भर गया। दुकान में पानी भर जाने से दुकान मालिक के अनुसार करीब 12 लाख का नुकसान हो गया। दुकान मालिक रामनरायन जायसवाल ने बताया कि उन्होंने एमडी ट्रेडर्स के नाम से विदिशा वासिंग पावडर की एजेंसी ले रखी है। दुकान के बेसमेंट में करीब दस से बारह लाख का माल भरा था। रात्रि में हुई बारिश से दुकान में पानी घुस गया जिससे उसमें रखा माल नुकसान हो गया।
आज भी मध्यम से तेज बारिश की है सम्भावना
बारिश का क्रम गुरुवार को भी बने रहने की पूरी संभावना है। मध्यम से तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है। मौसम विद् डॉ.दिलीप कुमार सिंह के पूर्वानुमान बताया है कि गुरुवार को भी मध्यम से तेज बारिश के आसार बने हैं। हालांकि अभी 10 सितम्बर तक कुछ अंतराल पर कहीं बूंदाबादी तो कहीं हल्की, मध्यम और तेज बारिश होने की सम्भावना बनी है। मंगलवार से लेकर बुधवार शाम तक 24 घंटे के दौरान जिले में 15 से 20 एमएम बारिश होना बताया गया है।


