जौनपुर। कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस पर सोमवार को यहां संदेश यात्रा के मद्देनजर प्रशासन ने जबर्दस्त किलेबंदी की थी। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ताओं को शहीद भगत सिंह पार्क में तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान गाने की अनुमति दी। उधर, मड़ियाहूं में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। तमाम नेताओं को हाउस अरेस्ट कर उन्हें पदयात्रा नहीं करने दी गयी।
कांग्रेस के स्थापना दिवस पर पार्टी हाईकमान ने नेताओ व कार्यकर्ताओं को संदेश यात्रा निकालकर शहीदों व महापुरुषों की मूर्तियों पर माल्यापर्ण करने का निर्देश दिया था। कांग्रेस के कार्यक्रम की जानकारी होने के बाद प्रशासन ने पूरे जिले में जबर्दस्त किलेबंदी कर दी। नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। इस बीच, शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता नगर पालिका परिषद परिसर स्थित शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा से संदेश यात्रा निकालकर सब्जी मंडी स्थित शहीद भगत सिंह पार्क पहुंच गये। उन्होंने शहीदे आजम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान गाया। इससे पहले शहर कांग्रेस कार्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं पर शहर कोतवाल ने पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित सारे कार्यक्रम रद करने का दबाव बनाया। कांग्रेस कार्यकर्ता कार्यक्रम न टालने की जिद पर अड़े रहे। काफी जद्दोजहद के बाद उन्हें सब्जी मंडी में शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा फहराने की इजाजत दी गयी। उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के महासचिव राकेश कुमार सिंह डब्बू ने ध्वजारोहण कर कार्यकर्ताओं को संविधान की शपथ दिलायी। उन्होंने उन्हें कांग्रेस स्थापना दिवस की बधाई दी।
शहर उपाध्यक्ष और संगठन प्रभारी मुफ्ती मेहंदी ने कहा कि आज कांग्रेस का स्थापना दिवस है। प्रशासन कार्यकर्ताओं को इसे मनाने की भी छूट नहीं दी जा रही है। शहर उपाध्यक्ष/प्रवक्ता प्रशासन गौरव सिंह सनी ने पुलिस कार्रवाई की निंदा की। इस दौरान यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जयशंकर बिंद (कलेंदर), शहर उपाध्यक्ष बाबू राम, शहर सचिव सैय्यद फरमान हैदर, सचिव बेलाल नदीम, सोशल मीडिया प्रभारी हसीब खान सुरूर, पूर्वी जोन प्रदेश अध्यक्ष गौरव सिंह वस्त, सचिव अभिवक्कस हाजी, सद्दाम शमशाद, विनीत दुबे सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हिसं मड़ियाहूं के मुताबिक दिलावरपुर गौशाला स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा पर सैकड़ों कांग्रेसियों ने राष्ट्रगान करते हुए 100 मीटर लंबे तिरंगे के साथ यात्रा की शुरुआत की। प्रभारी निरीक्षक हरिनाथ भारती, एसएसआई घनश्याम शुक्ल और कस्बा प्रभारी शिवपूजन जिले में धारा 144 का हवाला देते हुए यात्रा न निकालने को कहा। उधर, प्रदेश सचिव सरिता यादव ने कहा कि तिरंगा यात्रा गांधी प्रतिमा तक लेकर जाएंगे। पुलिस ने धक्का-मुक्की के बाद सबको हिरासत में लिया। इस अवसर पर फुजैल अहमद, राकेश उपाध्याय, तालुकदार दुबे, मदन मिश्रा, विनय तिवारी, विनय दुबे डॉ आरसी पांडेय अन्य मौजूद रहे।