एसडीएम सदर के मुंशी को बीच सड़क पर पीटा
जौनपुर में शनिवार सुबह एक उप जिलाधिकारी कार्यालय के मुंशी रमाशंकर विश्वकर्मा पर बाइक सवार बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। हमलावरों ने लाठी-डंडों और हेलमेट से उनकी पिटाई की। गंभीर रूप से घायल रमाशंकर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जौनपुर, संवाददाता। उप जिलाधिकारी सदर कार्यालय में तैनात मुंशी पर शनिवार की सुबह बाइक सवार कुछ बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने बीच सड़क पर रोककर लाठी-डंडों, हेलमेट से पिटाई कर दी। हमले में मुंशी गंभीर रूप से घायल हो गए। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पतहना गांव निवासी 60 वर्षीय रमाशंकर विश्वकर्मा एसडीएम सदर कार्यालय में मुंशी के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह अपने 18 वर्षीय पोते नितिन के साथ बाइक से कलक्ट्रेट स्थित कार्यालय के लिए निकले थे। बाइक नितिन चला रहा था। घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर पहुंचे ही थे कि तीन नकाबपोश बाइक सवारों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने बिना कुछ कहे रमाशंकर पर हमला बोल दिया और लाठी-डंडों, हेलमेट से जमकर मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े तो हमलावर फरार हो गए। हमले में रमाशंकर के सिर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस उन्हें करंजाकला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


