भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष पर जानलेवा हमला, ट्रॉमा सेंटर रेफर
Jaunpur News - सिकरारा (जौनपुर) में रविवार रात भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा पर पुरानी रंजिश के चलते धारदार हथियार से जानलेवा हमला हुआ। उन्हें गंभीर चोटें आईं और अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सिकरारा थाने में तहरीर दी है, लेकिन आरोपित अभी तक गिरफ्तार नहीं हुए हैं।

सिकरारा (जौनपुर), हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के दुदौली नहर पुलिया के पास रविवार रात पुरानी रंजिश को लेकर भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा पर मनबढ़ों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर उन्हें अधमरा छोड़कर फरार हो गए। घटना करीब साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। हमले में अजय मिश्रा के सिर में गंभीर चोटें आईं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए वाराणसी स्थित ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना के संबंध में पीड़ित के पिता राजेश मिश्रा ने सिकरारा थाने में तहरीर देकर गांव के ही हिमांशु गिरी पुत्र आनंद गिरी, बम-बम मिश्रा पुत्र जज्जे मिश्रा तथा शिवा यादव पुत्र उमेश यादव पर घात लगाकर हमला करने का आरोप लगाया है।
तहरीर में कहा गया है कि अजय मिश्रा घर लौट रहे थे, तभी दुदौली नहर पुलिया के पास आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बावजूद अब तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है और वे गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा पूर्व में भी अजय मिश्रा पर हमला किया जा चुका है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


