तहसील मुख्यालयों पर जुटे लेखपाल, किया धरना प्रदर्शन
Jaunpur News - फतेहपुर जिले में तैनात लेखपाल सुधीर कुमार की मौत के बाद, आक्रोशित लेखपालों ने हड़ताल की और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा, जिसमें परिवार को आर्थिक सहायता और नौकरी देने की मांग की। लेखपालों का आरोप है कि अत्यधिक कार्य दबाव और छुट्टी न मिलने के कारण उनकी मृत्यु हुई।

जौनपुर, संवाददाता। फतेहपुर जिले में तैनात लेखपाल सुधीर कुमार की मौत के बाद आक्रोशित लेखपालों ने शुक्रवार को प्रदेशव्यापी हड़ताल के तहत आंदोलन किया। तहसील मुख्यालयों पर पहुंचकर नारेबाजी की और वहां के दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिलाधिकारी और संबंधित तहसील के एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जौनपुर कलक्ट्रेट परिसर में जिलाध्यक्ष अनुराग सिंह के नेतृत्व में लेखपालों ने विरोध प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि शादी से पहले छुट्टी न मिलना, अत्यधिक कार्य दबाव और निलंबन ने सुधीर को मानसिक रूप से तोड़ दिया था। परिजनों और लेखपालों के दबाव के बावजूद 30 घंटे तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई, जिसे लेकर विभाग में आक्रोश है।
बाद में दर्ज एफआईआर में मुख्य आरोपी पीसीएस अधिकारी संजय कुमार सक्सेना का नाम शामिल नहीं किया गया, जिस पर संघ ने नाराजगी जताया। संघ ने निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और लेखपालों पर अनावश्यक दबाव खत्म करने की मांग की। हिसं. शाहगंज: तहसील अध्यक्ष विकास सिंह के नेतृत्व में लेखपालों ने धरना दिया। कहा कि दमनात्मक व्यवहार और उत्पीड़न के कारण सुधीर कुमार तनाव में आए और उनकी मृत्यु हुई। लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित छह सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम कुणाल गौरव को सौंपा। इसमें पीसीएस अधिकारी पर मुकदमा दर्ज करने, मृतक की माता को पचास लाख रुपये देने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने जैसी मांगें शामिल रहीं। इसके अलावा एसआईआर की अंतिम तिथि बढ़ाने और निर्वाचन कार्य पर एक माह के वेतन के बराबर प्रोत्साहन राशि देने की मांग की। हिसं. बदलापुर: तहसील परिसर में लेखपालों ने गजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में धरना देकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम योगिता सिंह को सौंपा। मांगों में मुख्य आरोपी पीसीएस अधिकारी संजय कुमार सक्सेना पर एफआईआर, मृतक परिवार को आर्थिक सहायता और नौकरी के साथ एसआईआर तिथि बढ़ाने की बात प्रमुख रही। लेखपालों ने कहा कि विभागीय अधिकारियों के बदलते व्यवहार के कारण फतेहपुर जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसे तत्काल रोका जाना जरूरी है। हिसं. मड़ियाहूं के अनुसार: तहसील अध्यक्ष अनिल कुमार के नेतृत्व में तहसील परिसर में लेखपालों ने विरोध जताया। धरना स्थल पर लेखपालों ने कहा कि सुधीर कुमार को शादी के समय अवकाश न देकर फील्ड ड्यूटी में लगाया गया और फिर निलंबन किया गया, जिससे मानसिक दबाव बढ़ा और उन्होंने आत्महत्या कर ली। लेखपालों ने उपजिलाधिकारी नवीन कुमार को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


