जौहर यूनिवर्सिटी समेत आजम खां के कई ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, कब्जे में कई दस्तावेज
यूपी के रामपुर में समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खां की जौहर यूनिवर्सिटी समेत कई ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी शुरू की है। वित्तीय अनियमितता और मनी लॉड्रिंग से जुड़े आरोपों की जांच ईडी कर रही है।

समाजवादी पार्टी के महासचिव आजम खां और उनकी जौहर यूनिवर्सिटी पर एक बार फिर शिकंजा कसा गया है। बुधवार की सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीमों ने रामपुर में जौहर विश्वविद्यालय समेत आजम खां से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है।कहा जा रहा है कि यूनिवर्सिटी को लेकर वित्तीय अनियमितता और मनी लॉंड्रिग के आरोपों की जांच की जा रही है। ईडी की टीम ने यूनिवर्सिटी से कई दस्तावेजों को अपने कब्जे में लिया है। मनी लॉड्रिंग के मामले में ईडी ने लखनऊ में केस दर्ज किया था। इसे लेकर पहले भी जौहर यूनिवर्सिटी में ईडी की टीम आ चुकी है। छापेमारी के बाद आजम और उनके करीबियों में हड़कंप मचा हुआ है। आजम खां फिलहाल कई मामलों में सजा के बाद जेल में हैं।
रामपुर में करीब आधा दर्जन जगह और सहारनपुर में दो स्थानों पर छापेमारी चल रही है। सहारनपुर में सीए दीपक गुप्ता के आवास और दफ्तर पर ईडी की टीमें जांच पड़ताल कर रही हैं। इसके साथ ही दिल्ली में जौहर एसोसिएट्स के पार्टनर सैय्यद खालिक के आवास पर छापा मारा गया है।
ईडी के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के अनुसार रामपुर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय रामपुर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की जांच की जा रही है। रामपुर के साथ ही यूपी के सहारनपुर और दिल्ली में 10 परिसरों में मनी लॉड्रिंग अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 17 के तहत छापेमारी हो रही है।
बताया जाता है कि यह जांच निजी ठेकेदारों के माध्यम से सरकारी कॉन्ट्रैक्ट निधियों के कथित दुरुपयोग और उसके बाद के उपयोग से संबंधित है। इसमें विश्वविद्यालय और ट्रस्ट की संपत्तियों का निर्माण भी शामिल है। जांच में कुछ ठेकेदारों और ट्रस्ट के बीच वित्तीय लेनदेन का भी खुलासा हुआ है। इसमें आरोप है कि सरकारी अनुबंधों से ठेकेदारों ने ट्रस्ट और विश्वविद्यालय को भारी दान और निर्माण कार्यों सहित कई अन्य लाभ पहुंचाए हैं। ईडी की कोशिश इस अपराध से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड, दस्तावेजों और सरकारी धन के डायवर्जन और इस्तेमाल से संबंधित डिजिटल साक्ष्यों का पता लगाना है।
इन स्थानों पर हो रही छापेमारी
-मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, रामपुर
-मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी, रामपुर
-सीए दीपक गुप्ता के सिल्वा मार्केट कार्यालय, अंबाला रोड, सहारनपुर
-सीए दीपक गुप्ता के ग्रीन पार्क कॉलोनी आवास, दिल्ली रोड, सहारनपुर
-मैसर्स ए एंड एस इंटरप्राइजेज, सिविल लाइंस, रामपुर
-जौहर एसोसिएट के पार्टनर सैयद खालिद के आवास जसोला जामिया नगर, दिल्ली
-सीके एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड, रामपुर
-सीके एसोसिएट्स के डायरेक्टर पवन कुमार जैन के आवास सिविल लाइंस, रामपुर
-शाहीन खान के आवास, रामपुर


